लोकतंत्र का गला घोटने वाले कांग्रेसी अब सत्याग्रह कर रहे हैंः धामी

0
303

मोदी ने बदली सरकारों की कार्य संस्कृति
लोकतंत्र सेनानियों का किया धामी ने सम्मान

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जिस कांग्रेस ने आपातकाल की घोषणा कर लोकतंत्र को समाप्त करने का प्रयास किया और लोगों को खूब यातनाएं दी आज वह कांग्रेसी सत्याग्रह कर रही है।
सीएम धामी ने आज यहां किच्छा रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आपातकाल का विरोध करने वाले उन सेनानियों के संघर्ष के कारण ही आज हमारा लोकतंत्र जिंदा है इसलिए इनका जितना भी सम्मान किया जाए वह कम है। उन्होंने कहा कि हमने वह आपातकाल नहीं देखा लेकिन जिन्होंने आपातकाल देखा है वह जानते हैं कि कांग्रेस ने लोगों पर कितने अत्याचार किए, उन्हें बेवजह जेलों में ठूंस दिया गया उन्हें पीसकर कांच खिलाया गया। उन्होंने कहा कि आज वह कांग्रेसी सत्याग्रह कर रहे है और यह सत्याग्रह तब किया जा रहा है जब उनके खिलाफ जांच हो रही है।
उन्होंने कहा कि आपातकाल में पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में जयप्रकाश नारायण ने नारा दिया था ट्टसिंहासन खाली करो जनता आती है,। उन्होंने कहा कि अगर लोकतंत्र के रक्षक इन सेनानियों ने संघर्ष नहीं किया होता तो आज देश में लोकतंत्र नहीं होता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शासन तानाशाही का शासन था। उस समय इन लोगों ने सोचा भी नहीं होगा कि भाजपा देश ही नहीं दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनेगी और उन्हें यह सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। इस अवसर पर उन्होंने आपातकाल विरोध करने वाले उन सेनानियों को अंग वस्त्र पहनाकर स्वागत किया जिन्होंने आपातकाल में अनेक यातनाएं झेली और जेल गए। आज 25 जून को भाजपा आपातकाल का काला दिन के रूप में मनाती है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 10 साल पहले सरकारों की जो कार्यश्ौली और संस्कृति थी उसे 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बदला है। पहले 2जी और 3जी तथा स्पेक्ट्रम नीलामी तथा कोयला घोटाले होते थे लेकिन बीते 8 सालों से यह घोटाले बंद हो गए हैं। भारत का मान सम्मान और स्वाभिमान देश व दुनिया में बढ़ा है और यह सब संभव हुआ है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास व संघर्ष से। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी किसी भी बड़े पद पर पहुंच सकता है उन्होंने द्रोपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए कहा कि वह एक अति साधारण परिवार से आती हैं जिन्हें राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाया गया है। इस अवसर पर विधायक व पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here