August 4, 2026उधमसिंहनगर। पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से घटना मेंं प्रयुक्त पिस्टल, तमंचा, कारतूस, दो स्कार्पियों वाहन व अन्य सामान बरामद किया गया है।जानकारी के अनुसार बीती 27 जुलाई को कोतवाली गदरपुर में सहजपाल सिंह पुत्र गुरपाल सिंह निवासी ग्राम बेरिया दौलत, थाना केलाखेड़ा जिला ऊधमसिंह नगर ने तहरीर देकर बताया था कि बाजपुर क्षेत्रान्तर्गत दोनों पक्षों में मारपीट होने की पुरानी रंजिश को लेकर 26 जुलाई की शाम नामजद आरोपियो द्वारा सरदार नगर अण्डर पास कट के पास फायरिंग कर उन पर व उसके दोस्तो पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी गयी थी। जिसमें उनके मित्र गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर पर गोली लग गयी।आरोपियों द्वारा उनके मित्र सौरभ बाबा के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीमों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद बीती शाम फरार चल रहे चार लोगों को हरिपुरा जलाशय के पास गूलरभोज से गिरफ्तार कर लिया गया। जिनके पास स घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक तंमचा, दो कारतूस, दो स्कार्पियों बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजवीर सिंह विर्क पुत्र मांगा सिंह निवासी मुकंदपुर डेरा थाना गदरपुर जनपद उधमसिंह नगर, आकाशदीप सिंह पुत्र मंजीत सिंह निवासी बरेली नगर नंबर दो ग्राम सभा सरोवर नगर थाना गदरपुर जनपद उधमसिंह नगर, प्रशान्त सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी पुत्र अनिल सिंह निवासी— वार्ड नं.—2 गदरपुर कोतवाली गदरपुर जिला उधमसिंह नगर व सौरभ कुमार पुत्र नेक राम निवासी शिवपुरी थाना केला खेड़ा जनपद उधमसिंह नगर बताये जा रहे है।
August 4, 2026चम्पावत। नशा तस्करी में लिप्त दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से लगभग डेढ़ किलो चरस बरामद की गयी है।जानकारी के अनुसार बीते रोज एसओजी व थाना लोहाघाट पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ नशा तस्कर नशीले सामान की एक बड़ी खेप सहित आने वाले है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए एसओजी व लोहाघाट पुलिस क्षेत्र में संयुक्त चैकिंग अभियान चला दिया। इस दौरान पुलिस को देवीधार पंचेश्वर रोड, लोहाघाट में बाइक सवार दो संदिग्ध आते हुए दिखायी दिये। पुलिस ने जब उन्हे रूकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगे। इस पर उन्हे घेर कर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.490 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में उन्होने अपना नाम आयुष चंद्र आर्य पुत्र स्व. चंद्र प्रकाश, निवासी पुनेठा पेट्रोल पंप के पास, छतार, जनपद चम्पावत व सौरव टम्टा पुत्र दिनेश राम, निवासी ग्राम नसखोला, थाना पंचेश्वर, जनपद चम्पावत बताया। बताया कि बरामद चरस उन्होंने स्थानीय स्तर पर ही तैयार की थी जिसे वह चम्पावत के एक व्यक्ति को ऊचे दाम में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। बहरहाल पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं मेें मुकदमा दर्ज कर उन्हे न्यायालय मे पेश किया जहंा से उन्हे जेल भेज दिया गया है।
August 4, 2026देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरूषोत्तम ने मतदान केन्द्राें का निरीक्षण करते हुए कहा कि सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ स्तर पर निस्तारण किया जाये।आज यहां मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने जनपद देहरादून के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर एसआईआर प्रकिया के तहत चल रही नोटिसों की सुनवाई के सम्बंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं से उनका फीडबैक भी लिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने जनपद देहरादून के राजपुर विधानसभा स्थित बूथ संख्या 65 प्राथमिक विघालय दिलाराम बाजार और रायपुर विधानसभा स्थित बूथ संख्या 10 प्राथमिक विघालय डांडा खुदानेवाला का निरीक्षण किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस फील्ड विजिट का उद्देश्य धरातल पर आ रही व्यवहारिक समस्याओं को समझने का है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में सभी मंडल आयुक्तों, जिलाधिकारियों, ईआरओ को फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने हरिद्वार जनपद का भ्रमण कर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया था। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह, ईआरओ राजपुर तनवीर मारवाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली उपस्थित रहे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ दस्तावेज लेकर सत्यापित करते हुए अपने स्तर पर निस्तारण करें ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है उनपर विशेष फोकस करते हुए ईआरओ/एईआरओ स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार कार्यवाही करें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के निर्देश पर सीईओ कार्यालय के अधिकारियों को भी जनपदों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण करने के आदेश जारी किए हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को देहरादून, हरिद्वार, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का को नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास को जनपद ऊधमसिंह नगर, टिहरी, उत्तरकाशी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
August 4, 2026देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपयों की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।आज यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी में 17 करोड़ 80 लाख रुपयों की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ये सभी परियोजनाएँ मसूरी विधानसभा के विकास को नई गति देने वाली साबित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी वेडिंग डेस्टिनेशन या पर्यटन की बात आती है, तो पहाड़ों की रानी मसूरी का नाम सबसे पहले आता है। मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। मसूरी में आने वाले पयर्टक यहां की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत आधार प्रदान करते हैं। इसलिए प्रदेश सरकार भी मसूरी के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में पुरकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किमी मुख्य सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। इसी तरह जल जीवन मिशन के अंतर्गत गंगोल— पंडितवाड़ी पेयजल योजना के माध्यम से अनेक गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मालदेवता लाल पुल से सिल्ला— मोलधार होते हुए सुआखोली तक के मार्ग का सीआरएफ योजना के अंतर्गत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में सरकार ने ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विघुतीकरण का कार्य पूर्ण कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा के लिए सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर 1.5 किमी और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने हर वादे को बिना रुके, बिना थके धरातल पर उतारने का प्रयास कर रही है। लेकिन कुछ लोग झूठ और नकारात्मकता की बातें कर रहे हैं। ऐसे लोगों के पास गिनाने के लिए अपनी कोई उपलब्धि नहीं है, तो इसलिए वे अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और जनसांख्यिकी बदलाव रोकने के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। इसी तरह सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ ही दंगों के दौरान सार्वजनिक और निजी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले दंगाइयों से ही नुकसान की भरपाई करने के लिए सख्त कानून बनाकर कानून का राज स्थापित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्टअप नीति, ट्टएक जनपद दो उत्पाद’, ट्टहाउस ऑफ हिमालयाज’, ट्टहोम स्टे योजना’, ट्टवेड इन उत्तराखंड’ और ट्टसौर स्वरोजगार योजना’ जैसी पहलें शुरू की हैं। इन योजनाओं के माध्यम से आज हजारों—लाखों युवा अपने ही गाँव और शहर में रोजगारदाता बन रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। इतना ही नहीं, नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में भी उत्तराखंड ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार एक ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है, जहां किसी भी युवा को रोजगार के लिए पलायन ना करना पड़े। साथ ही मातृशक्ति पूरी तरह सशक्त और आत्मनिर्भर हो। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के मार्ग पर आगे बढ रहा है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुडे कार्य तेजी से सम्पन्न किए जा रहे हैं। इस मौके पर दायित्वधारी श्रीमती ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष एम.डी.डी .ए बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत उपस्थित थे।
August 4, 2026नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें फिरोजशाह रोड पर रोक दिया। पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी के नेता धरने पर बैठ गए हैं।केजरीवाल का कहना है कि आज हम 2 लाख से ज्यादा पेटिशन लेकर प्रधानमंत्री आवास जा रहे हैं। हमारे साथ 100 ऐसे लोग हैं जिनकी गाड़ियां ई20 ने खराब कर दीं। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री जनता की आवाज जरूर सुनेंगे।केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया और संजय सिंह भी हैं। दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी भी केजरीवाल के इस मार्च में शामिल हैं।अरविंद केजरीवाल की केंद्र सरकार से मांग है कि या तो ई—20 पेट्रोल को वापस लिया जाए या फिर इसके दाम 85 रुपए प्रति लीटर किए जाएं। साथ ही लोगों को विकल्प दिया जाए कि वो अपनी मर्जी के हिसाब से शुद्ध पेट्रोल या इथनोल मिक्सड पेट्रोल गाड़ियों में भरवां सकें।दिल्ली पुलिस कमिश्नर को सैकड़ों वकीलों की ओर से एक रिप्रजेंटेशन सौंपी गई है जिसमें केजरीवाल के प्रस्तावित मार्च को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है। रिप्रजेंटेशन में कहा गया है कि प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास देश के सबसे संवेदनशील और उच्च—सुरक्षा वाले स्थलों में से एक है। ऐसे स्थान की ओर किसी भी प्रकार की सार्वजनिक लामबंदी राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून—व्यवस्था और संवैधानिक पदाधिकारियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।
August 4, 2026नई दिल्ली। असम के नौगांव जिले में मंगलवार को एक सीआरपीएफ अफसर ने अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी। एक अन्य को घायल कर दिया। इसके बाद सीआरपीएफ अफसर ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। मामले की अधिक जानकारी देते हुए नागांव की डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस परिमिता सरकार ने कहा कि यह घटना सुबह करीब 7 बजे कटिमारी में 34 बटालियन कैंप में हुई है। जब मुख्य गेट पर ड्यूटी पर तैनात एसीआई/जीडी बल्लानी प्रेमाबारम ने अपने साथियों पर गोली चला दी। डीएसपी ने बताया कि बाद में एसीआई ने खुद को गोली मार ली और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दो जवान, एचवी/जीडी विष्णु प्रसाद बघेल और एसआई/जीडी रामनवल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई।परिमिता सरकार ने बताया कि घटना में एक अन्य सीआरपीएफ जवान गोविंद श्रीपुल घायल हो गया। उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ और पुलिस के सीनियर अफसर कैंप पहुंचे और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मृतक सीआरपीएफ के एएसआई बल्लानी प्रेमाबारम ने किन वजहों से अपने साथियों पर गोली चलाई। इसकी वजह सामने नहीं आई है। गोली चलाने वाले जवान ने खुद को गोली मारकर खत्म कर लिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उसने एकदम से फायरिंग करना शुरू कर दिया। सीआरपीएफ के अधिकारी और पुलिस की टीम इन सब एंगल पर जांच में जुटी है। इस घटना के बाद से सीआरपीएफ कैंप में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बाकी सीआरपीएफ जवान भी अलर्ट मोड पर हैं। मंगलवार सुबह हुई इस घटना को लेकर हर कोई हतप्रभ है। सीआरपीएफ के अधिकारी भी इस मामले में नजर बनाए हुए हैं। मामले की जांच भी की जा रही है।