भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चा तेज

0
577

सीएम धामी दिल्ली तलब, देर शाम होंगे रवाना
केंद्रीय नेताओं से होगी कई मुद्दों पर वार्ता

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अचानक दिल्ली तलब किए जाने से एक बार फिर सियासी गलियारों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को बदले जाने की चर्चाएं तेज हो गई है। धामी को आज शाम 7.30 बजे दिल्ली पहुंचना है।
मुख्यमंत्री के आकस्मिक दिल्ली दौरे के कार्यक्रम से भाजपा में एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को बदले जाने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि पहले यह खबरें आई थी कि भाजपा मदन कौशिक को अभी प्रदेश अध्यक्ष पद से नहीं हटाएगी। क्योंकि इससे यही संदेश जाएगा कि चुनाव के दौरान भितरघात के आरोपों के कारण उन्हें पद से हटाया गया। पार्टी ने पहले नवंबर में प्रदेश अध्यक्ष बदलने के बारे में सोचा था लेकिन 2024 की तैयारियों में जुटी भाजपा सीएम के चुनाव के साथ साथ प्रदेश अध्यक्ष को बदलने सहित अन्य कई कामों को जल्द से जल्द निपटाने के मूड में है।
मुख्यमंत्री धामी को आज अचानक दिल्ली बुलाने के पीछे प्रदेश अध्यक्ष बदलने से लेकर मुख्यमंत्री के लिए सीट का चयन तथा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के नाम का चयन और खाली पड़ी तीन कैबिनेट मंत्रियों की सीटों पर फैसले सहित कई अहम मुद्दों पर बात किए जाने की चर्चाएं हैं। मुख्यमंत्री धामी को 6 माह के अंदर चुनाव जीतकर विधानसभा की सदस्यता लेनी है। हालांकि उनके लिए भाजपा के कई विधायक अपनी सीट छोड़ने की पेशकश कर चुके हैं वहीं कांग्रेस से नाराज विधायक हरीश धामी भी अपनी धारचूला सीट छोड़ने को कह रहे हैं। लेकिन उनके लिए सबसे सुरक्षित सीट कौन सी होगी इसका फैसला हाईकमान को ही करना है। धामी खुद भी यह कह चुके हैं अब फैसला भाजपा हाईकमान को करना है कि वह किसी कांग्रेसी सीट पर चुनाव लड़ते हैं या कोई भाजपा विधायक उनके लिए सीट छोड़ेगा।
कोटद्वार विधायक रितु खंडूरी को स्पीकर बनाए जाने के बाद प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष का पद भी खाली पड़ा है इस पर रितु खंडूरी की जगह कौन उपयुक्त चेहरा होगा इस पर भी सीएम के साथ केंद्रीय नेता बात कर सकते हैं। वही खाली पड़े मंत्री पदों को भरने पर भी बात हो सकती है। सीएम धामी कल शाम तक दिल्ली में ही रहेंगे। प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार भी इस दौरान दिल्ली में ही हैं। वही केंद्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जिन्हे 4 अप्रैल को दून आना था अब 24 को आ रहे हैं। इससे पूर्व सीएम को दिल्ली बुलाकर अहम मुद्दों पर उनकी राय जानने के लिए ही उन्हें दिल्ली बुलाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here