देहरादून। तमंचे से फायर करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा बरामद कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
आज यहां सोशल मीडिया पर वायरल अलगण्अलग वीडियो, जिनमें कुछ युवक तंमचे से फायर करते हुए तथा हाथ में तमंचा लेकर उसका प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रहे हैं, उक्त वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय सिंह द्वारा तत्काल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकोें के विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिये गये। वायरल वीडियो की जांच में उक्त वीडियो छिद्दरवाला फ्लाई ओवर के पास का होने की जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर रायवाला पुलिस द्वारा वीडियो में दिख रहे युवकों के सम्बन्ध में जानकारी हेतु सुरागरसीध पतारसी करते हुए स्थानिय तंत्र को सक्रिय किया गया तथा प्राप्त सूचना के आधार पर वीडियो में दिख रहे 03 युवकों दीपक पुत्र रामू निवासी छिद्दरवाला रायवाला, भूपेन्द्र उर्फ भूरे पुत्र स्व. राजू निवासी रावली, थाना मंडावली, बिजनौर हाल निवासी रामू के पकौडे वाली दुकान छिद्दरवाला तथा दीपांशु कुमार पुत्र महिपाल नि0 गन्ना सेन्टर छिद्दरवाला, थाना रायवाला को गिरफ्तार किया गया। भूपेन्द्र उर्फ भूरे तथा दीपांशु के कब्जे से पुलिस टीम को वीडियो में दिख रहे 02 अवैध देसी तमंचे बरामद हुए। पूछताछ में दीपक द्वारा बताया गया कि बरामद तमंचो को वह सहारनपुर से खरीद कर लाया गया था, जिससे छिद्दरवाला फ्लाई ओवर के नीचे उसके द्वारा फायर कर वीडियो इंस्ट्राग्राम पर अपलोड किया गया था। उनमें से 01 तमंचे को दीपक द्वारा अपने चचेरे भाई दीपांशु को दिया था तथा एक तमंचे को अपनी पकोडे की दुकान में काम करने वाले युवक भूपेन्द्र उर्फ भूरे को बेच दिया था। दीपांशु द्वारा अपने साथियों पर धौंस जमाने के लिये उक्त तमंचे को दिखाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला गया था। अवैध तमंचो की बरामदगी पर उनके विरुद्ध कोतवाली रायवाला पर आर्म्स एक्ट के तहत 02 अलग—अलग मुकदमें पंजीकृत किये गये।




