July 20, 2026देहरादून। घर में घुसकर नगर निगम का कर्मचारी बताकर महिला से लूट व मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लूट का सामान व नगदी बरामद कर ली। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।मिली जानकारी के अनुसार गढवाली कालोनी निवासी श्रीमती गीता काला पत्नी अनिल काला ने थाना रायपुर पर एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया कि 19 जुलाई की अपरान्ह लगभग दो बजे से ढाई बजे के उनकी माता श्रीमती भुवनेश्वरी देवी अपने घर में अकेली थी, उसी समय 02 व्यक्तियों द्वारा उनके घर में आकर अपने आप को नगर निगम का कर्मचारी बताते हुए जबरन उनके घर के अन्दर घुसकर उनकी माता के साथ मारपीट कर उनकी मां के कुण्डल, अंगूठी, 03 हजार रूपये नगद व मोबाइल फोन लूट कर ले गये। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में तत्काल सम्बन्धित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा घटना के खुलासा तथा गिरफ्तारी हेतु थाना रायपुर पर पुलिस टीम का गठन करते हुए टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर घटना स्थल व उसके आस—पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे लगभग 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों से संदिग्धों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई, सीसीटीवी फुटेजों के अवलोकन से पुलिस टीम को घटना में शामिल 02 संदिग्धों की फुटेज प्राप्त हुई, प्राप्त फुटेज के आधार पर पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी पतारसी करते हुए स्थानीय तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं में प्रकाश में आये युवको के हुलिये से प्राप्त फुटेजों का मिलान कराया गया। पुलिस द्वारा लगातार किये जा रहे अथक प्रयासों से आज पुलिस टीम द्वारा मिली सूचना पर सीक्यूआई जंगल रायपुर से घटना को अजांम देने वाले सागर सिंह रावत पुत्र प्रेम सिंह रावत निवासी गली अपर गढवाली कालोनी रिंग रोड, रायपुरह तथा अंकित गुप्ता पुत्र प्रवेश गुप्ता नवासी आर्दश कालोनी रिंग रोड निकट 6 नंबर पुलिया, रायपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में लूटी गयी शत प्रतिशत सम्पत्ति (कान के सोने के कुण्डल, अंगूठी, तीन हजार रूपये नगद व मोबाइल फोन) बरामद किये गये। पूछताछ में उनके द्वारा बताया कि वह दोनों प्लम्बर का काम करते हैं तथा नशे के आदी हैं, सागर पीडित बुजुर्ग महिला के मौहल्ले में ही रहता है तथा उसे जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला अपने घर पर अकेली रहती हैं, जिस कारण उसकेे द्वारा अपने नशे तथा अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये अपने साथी अंकित के साथ मिलकर घर में लूट की योजना बनाई। योजना के मुताबिक दोनो नगर निगम के कर्मचारी बनकर सफाई व्यवस्था चैक करने के बहाने बुजुर्ग महिला के घर में घुसे तथा बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद दोनो लूट के माल को बेचने की फिराक में थे, पर इससे पूर्व ही पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।ा पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
July 20, 2026देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि ग्रोथ सेंटर्स को मार्केट लिंकेज के साथ ही प्राईवेट पार्टनर्स से जोड़े जाने की आवश्यकता है।आज यहां मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में प्रदेश में ग्रोथ सेंटर्स की प्रगति के सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित विभागों के साथ बैठक की। मुख्य सचिव ने सभी विभागों के अंतर्गत बनाए गए ग्रोथ सेंटर्स की प्रगति एवं संचालित गतिदिवधियों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रोथ सेंटर्स को स्थानीय स्तर पर आर्थिकी गतिविधियों के लिए महत्त्वपूर्ण बताया। कहा कि ग्रोथ सेंटर्स को मार्केट लिंकेज के साथ ही प्राईवेट पार्टनर्स से जोड़े जाने की आवश्यकता है। मुख्य सचिव ने प्रदेशभर में विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित हो रहे ग्रोथ सेंटर्स को लगातार रिव्यू किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अच्छा कर रहे ग्रोथ सेंटर्स को तकनीकी एवं अन्य प्रकार का सपोर्ट उपलब्ध कराए जाने के साथ ही नॉन—फंक्शनल ग्रोथ सेंटर्स को भी फंक्शनल किए जाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने अपने सभी उत्पादों को ट्रेसेबिलिटी, जीआई टैगिंग और ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन से जोड़े जाने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने शीप एंड वूल डेवेलपमेंट बोर्ड के अंतर्गत पशुपालकों की समस्याओं को समझने एवं उनके निस्तारण के लिए लगातार पशुपालकों के साथ संवाद एवं वर्कशॉप आयोजित किए जाने की बात कही। कहा कि यह बोर्ड की जिम्मेदारी है। यदि किसी अन्य राज्य में इस दिशा में अच्छा कार्य हो रहा है तो वहां अपनी टीम को भेजकर उनके मैकेनिज्म को समझने की आवश्यकता है। मुख्य सचिव ने ग्रोथ सेंटर्स को मार्केट लिंकेज के साथ ही कोल्ड स्टोरेज चेन से जोड़े जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्टैण्ड अलोन माईक्रो स्टोरेज चेन विकसित की जा सकती है। इससे ग्रोथ सेंटर्स के उत्पादों को लम्बे समय तक संरक्षित रख कर आवश्यकता के अनुरूप मार्केट में उतारा जा सकेगा, ताकि उत्पाद की उचित कीमत मिल सके। मुख्य सचिव ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज के साथ सभी ग्रोथ सेंटर्स से सम्बन्धित विभागों कॉर्डिनेशन मीटिंग करवा ली जाए। कहा कि पोटेंशियल वाले नॉन—फंक्शनल ग्रोथ सेंटर्स की हैंड होल्डिंग करायी जाए। उन्होंने नाबार्ड को भी गैप्स आइडेंटिफाई करते हुए ग्रोथ सेंटर्स को फंडिंग उपलब्ध कराए जाने की बात कही। साथ ही फॉरेस्ट (श्रप्ब्।) के ग्रोथ सेंटर्स के लिए बिजनेस प्लान तैयार कर उपलब्ध कराए जाने पर जोर दिया। इस अवसर पर सचिव दिलीप जावलकर, एपीसीसीएफ नरेश कुमार, अपर सचिव कहकशां नसीम, आनन्द श्रीवास्तव एवं सुश्री झरना कामठान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
July 20, 2026देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चौहान को नौटियाल व नौटियाल को बीकेटीसी अध्यक्ष आदेश देते थे।आज यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय मे पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि श्री बद्रीनाथ मंदिर मे चोरी की कड़ियों का हुआ पर्दाफाश, सीधे बीकेटीसी अध्यक्ष की चौखट तक पहुंचे भ्रष्टाचार के तार, करोड़ों सनातनियों की आस्था के साथ महापाप पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी आखिर क्यों? भगवान बद्रीविशाल के खजाने का पैसा और यमकेश्वर में चुनावी फायदे के लिए खपाने का सनसनीखेज आरोप गणेश गोदियाल ने बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी प्रकरण में हुए नए व चौंकाने वाले खुलासे पर राज्य की भाजपा सरकार और बद्री—केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) को पूरी तरह से कटघरे में खड़ा कर दिया। गोदियाल ने सीधे तौर पर इस महाघोटाले के तार मंदिर समिति के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी चौहान का बड़ा कबूलनामा सरकार को आईना दिखाने का काम कर रहा है,गणेश गोदियाल ने प्रेस वार्ता में सबसे बड़ा धमाका करते हुए बताया कि मामले में गिरफ्तार हुए दूसरे आरोपी पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान ने जांच में साफ कहा है कि उसे सारे आदेश प्रमोद नौटियाल से मिलते थे, और नौटियाल को सीधे बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी आदेश देते थे। यह एक बेहद गंभीर और सीधा आरोप है जो साबित करता है कि यह चोरी सिर्फ कुछ कर्मचारियों की व्यक्तिगत हरकत नहीं, बल्कि ऊपर से संचालित एक सुगठित संगठित अपराध है। अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। गोदियाल ने पुरजोर शब्दों में कहा कि जब इस महापाप की कड़ियां सीधे अध्यक्ष की ओर इशारा कर रही हैं, तो हेमंत द्विवेदी को नैतिकता के आधार पर एक मिनट भी पद पर रहने का हक नहीं है। वे तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें या फिर मुख्यमंत्री उन्हें अविलंब बर्खास्त करें, ताकि साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न हो सके। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए सवाल दागा कि आखिर देश—विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र बद्रीनाथ धाम के खजाने पर सरेआम डाका पड़ गया, लेकिन मुख्यमंत्री ने अब तक इस संवेदनशील मुद्दे पर एक शब्द भी क्यों नहीं बोला है। मुख्यमंत्री की यह चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े करती है कि क्या वह भी इस महापाप के दोषियों को बचाना चाहते हैं? चढ़ावे के राशन और धन का चुनावी इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व में लगाए आरोपों को दोहराते हुए कहा कि ऋषिकेश स्थित बीकेटीसी कार्यालय से भगवान बद्रीनाथ के नाम का राशन और धन यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव के व्यक्तिगत राजनीतिक लाभ के लिए भेजा जा रहा है, जो कि अत्यंत निंदनीय है। साल पुराना राग अलाप कर सरकार चोरी के प्रकरण को दबा नहीं सकती है, उन्होंने कहा की वो 2022 से जिस तरह से सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत द्वारा किए गए भ्रष्टाचार पर जांच की मांग कर रहे हैं यही वजह है कि उनकी शह पर उनके खिलाफ झूठे आरोपों की बात करके सरकार असली मुद्दे से ध्यान भटकाना चाहती है। गोदियाल ने कहा कि चोर की दाढ़ी में तिनका साफ दिख रहा है। जब मैंने इस व्यापक चोरी का मुद्दा उठाया, तो ध्यान भटकाने के लिए मेरे 9—10 साल पुराने कार्यकाल का बेबुनियाद राग अलापा गया। मैंने प्रेस क्लब पहुंचकर सार्वजनिक बहस की चुनौती स्वीकार की, लेकिन वर्तमान अध्यक्ष वहां से भाग खड़े हुए। विपक्ष की अगुवाई में जांच की मांग से अगर सरकार को परहेज है तो पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने इस पूरे घोटाले की जांच एक उच्च स्तरीय जांच समिति से कराए जिसकी अध्यक्षता सिटिंग सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के न्यायाधीश करे। हेमंत द्विवेदी 2009 से 2012 के बीच तराई बीज विकास निगम के अध्यक्ष रहे थे। इस दौरान उन पर निगम में वित्तीय अनियमितताओं और घोटाले के आरोप लगे थे। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर तराई बीज घोटाले के आरोप थे जिसे उसके पद से तत्कालीन सरकार ने हटाया था आखिर किस दबाव में उसे इतने पवित्र स्थान का मुखिया बनाया गया इस प्रश्न का जवाब आज प्रदेश ही नहीं देश की जानता भी माँग रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी भूमिका स्पष्ट करे और बीकेटीसी अध्यक्ष से इस्तीफा ले।
July 20, 2026उधमसिंहनगर। ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से 34 लाख की ज्वैलरी व अन्य सामान बरामद किया गया है।मामला बाजपुर कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार ओमकार वर्मा पुत्र वशिष्ठ प्रसाद वर्मा निवासी वार्ड नं. 9, मझरा बक्श, बाजपुर द्वारा कोतवाली बाजपुर में तहरीर दी गई कि उनकी ओम ज्वैलर्स नाम से आभूषणों की दुकान है। बीती 8 जुलाई की रात्रि अज्ञात चोरों द्वारा दुकान का ताला तोड़कर लगभग 2 लाख रुपये नकद, सोने—चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर एवं टीवी चोरी कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान गठित टीमों द्वारा 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मैनुअल सर्विलांस, सुरागरसी एवं पतारसी के आधार पर लगातार कार्यवाही करते हुए रात्रि में किशनपुर—मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त ऑटो सहित गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से 34 लाख रूपये के आभूषण व अन्य सामान बरामद किया गया है। पूछताछ मेें उन्होने अपना नाम आजम पुत्र शकील अहमद, निवासी आदर्श नगर वार्ड—38 थाना काशीपुर, हाल निवासी नरपत नगर थाना स्वार, जिला रामपुर, इस्लाम पुत्र सफी अहमद, निवासी नरपत नगर थाना स्वार, जिला रामपुर व करमरूद्दीन पुत्र सफी अहमद, निवासी नरपत नगर थाना स्वार, जिला रामपुर बताया। पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
July 20, 2026नई दिल्ली/देहरादून। लोक सभा में सदन ने सबके श्रद्धेय, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गढ़वाल लोक सभा के पूर्व सांसद मेजर जनरल (स्व.) भुवन चंद्र खंडूरी को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।आज लोक सभा में सदन अध्यक्ष ओम विड़ला ने सबके श्रद्धेय, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गढ़वाल लोक सभा के पूर्व सांसद मेजर जनरल (स्व.) भुवन चंद्र खंडूरी को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि एक गौरवशाली सैन्य अफसर के रूप में उन्होने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दी। उन्होंने वर्षो तक सदन में गढ़वाल लोक सभा का नेर्तत्व भी किया। उन्होने कहा कि मेजर जनरल खंडूरी ने अपने अनुशासित जीवन, बेदाग सार्वजनिक आचरण और जनसेवा के प्रति समर्पण से राजनीति में आर्दर्श स्थापित किए। उत्तराखंड के विकास और गढ़वाल की जनता के हितों के लिए उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होने कहा कि यह मेरा परम सौभाग्य है कि जिस गढ़वाल संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर उन्होंने वर्षो तक क्षेत्र का गौरव बढ़ाया, आज उसी पावन भूमि का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मुझे प्राप्त हुआ है। उनके आदर्श, उनकी कार्यश्ौली और राष्ट्रसेवा का भाव हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
July 20, 2026हरिद्वार। आईसीआईसीआई बैंक के एक खाते से करीब 50 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 लाख रुपये नकद, एक स्कूटी, 12 लाख रुपये में खरीदे गए प्लॉट की रजिस्ट्री, फर्जी दस्तावेज, डेबिट कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए गये हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक की पुराना रानीपुर मोड़ शाखा के प्रबंधक अपूर्व दुबे ने 8 अक्टूबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि बैंक के एक खाते से पिछले एक माह में लगभग 50 लाख रुपये के संदिग्ध लेन देन हुए हैं। खाताधारक ने बैंक की बेंगलुरु शाखा में शिकायत कर बताया कि निकासी उसकी जानकारी के बिना की गई है। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 18 जुलाई 2026 को भगवानपुर और मंडावर क्षेत्र में दबिश दी। मंडावर के खेड़ी शिकोहरपुर के पास एक खेत के निकट खड़ी स्कूटी के पास तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संगीता देवी, उपेंद्र कुमार सहगल और रीनू कुमार उर्फ सोनू कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीनों के पास से कुल 13 लाख रुपये नकद, आकाश सिन्हा के नाम का आईसीआईसीआई बैंक डेबिट कार्ड, डेबिट कार्ड आवेदन पत्र, दो फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक स्कूटी तथा प्लॉट की रजिस्ट्री बरामद की।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने फर्जी आधार कार्ड और फोन बैंकिंग का दुरुपयोग कर खाताधारक के नाम से नया डेबिट कार्ड जारी कराया। इसी कार्ड के माध्यम से एटीएम से नकदी निकाली गई और लगभग 35 लाख रुपये की ज्वेलरी खरीदी गई। बाद में ज्वेलरी बेचकर मिले पैसों से 12 लाख रुपये का प्लॉट खरीदा गया तथा अन्य रकम आपस में बांट ली गई।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बड़ी कंपनियों के बैंक खातों की जानकारी जुटाकर बैंकिंग प्रणाली की कमियों का फायदा उठाते थे। फर्जी दस्तावेजों और फोन बैंकिंग के माध्यम से डेबिट कार्ड जारी कराकर खातों से रकम निकालते थे। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों की नजर कई अन्य कंपनियों के खातों पर भी थी।पुलिस के अनुसार, उपेंद्र कुमार और सोनू कुमार वर्ष 2022 में एटीएम फ्रॉड के मामले में जेल जा चुके हैं, जबकि सोनू कुमार वर्ष 2013 के एक हत्या के मामले में भी जेल रह चुका है।मामले में बरामद साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।