March 23, 2025यूसीसी व नकल रोधी कानून बड़ी उपलब्धिः धामीदेहरादून। उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने आज अपने कार्यकाल के 3 साल पूरे कर लिए हैं। इसके उपलक्ष्य में आज राजधानी देहरादून सहित सभी जिला मुख्यालयों में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दून में आज मुख्यमंत्री धामी ने कई कार्यक्रमों में शिरकत की तथा अपने कार्यकाल के इन तीन सालों को बेमिसाल बताते हुए कहा कि यह 3 साल राज्य के इतिहास में स्वर्ण काल के रूप में दर्ज हो चुके हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा आज जहां फिट इंडिया के लिए आयोजित दौड़ में उन्होंने भाग लिया और वह पुश्अप लगाते देखे गए वहीं उन्होने खिलाड़ियों और युवाओं के बीच कुछ समय बिताया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी को हर रोज आधा घंटे व्यायाम और योग को देना चाहिए। मुख्यमंत्री धामी ने आज राजधानी में एक भव्य रोड शो किया जिसमें युवा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। इस अवसर पर सीएम धामी का लोगों ने उन पर फूल बरसा कर उनका स्वागत किया। दून के परेड ग्रांउड में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि 22 मार्च 2022 में चुनाव के दौरान उन्होंने प्रदेश की जनता से राज्य में यूसीसी (समान नागरिक संहिता) लागू करने का वायदा किया था जिसे 27 जनवरी 2025 में पूरा कर दिया गया और उत्तराखंड देश का यूसीसी लागू करने वाला पहले प्रदेश बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 मार्च 2022 में जब उन्होंने सूबे की सत्ता संभाली थी तब तमाम तरह की चुनौतियां हमारे सामने थी लेकिन दृढ़ इच्छा शक्ति और कड़ी मेहनत से 3 साल में उन्होंने जनता से किए गए सभी वादों को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों को रोकने के लिए सख्त कानून लाकर तथा 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजने का काम कर अब पारदर्शी तरीके से भर्तीयंा हो रही है। अब तक 20 हजार युवाओं को नौकरियंा मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए उनकी सरकार सख्त भू कानून लाई है तथा लव जेहाद व लैंड जेहाद के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा रहा है। जबरन धर्मांतरण को सख्त कानून बनाया गया है तथा दंगाइयों पर शिकंजा कसने की का काम किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन तथा 103 पदक जीतकर राज्य का सातवें स्थान पर रहना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वह निष्ठा, समर्पण और उत्साह के साथ जन भावनाओं के अनुरूप काम करने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने उपनल कर्मियों के समायोजन के लिए समिति बनाने की बात भी कही तथा महिला व बाल संरक्षण तथा नशा मुक्त प्रदेश बनाने का संकल्प भी दोहराया।
March 23, 20253 साल के जश्न पर कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं देहरादून। भाजपा सरकार के 3 साल पूरा होने पर मनाये जा रहे जश्न पर कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त करते हुए कहा है कि राज्य के लोगों का एक तरफ बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से हाल बेहाल है और सरकार कह रही है कि उसने बेमिसाल काम किया है। भाजपा सरकार देश और प्रदेश के समाज को बांटने का जो काम कर रही है यही उसकी सबसे बड़ी उपलब्धियां है। पूर्व सीएम हरीश रावत का कहना है कि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद लव जेहाद लैंड, जेहाद और थूख जेहाद के साथ पेशाब जेहाद तक न जाने कितने जेहाद छेड़ रखे हैं। कभी मजार तो कभी मदरसे उसके निशाने पर हैं। कभी मस्जिद तो कभी मुल्ला—मौलवी, भाजपा नेताओं और सरकार के पास जैसे इसके अलावा कोई काम करने को नहीं है। उनका कहना है कि अब प्रदेश की जनता को भाजपा हटाओ जेहाद की जरूरत है।उधर नेता विपक्ष यशपाल आर्य का कहना है कि प्रदेश के युवा बेरोजगार रोजगार के लिए भटक रहे हैं। प्रदेश में महंगाई की मार से लोग परेशान हैं जिसका कोई समाधान सरकार के पास नहीं है। वहीं राज्य में भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है और सरकार में बैठे मंत्री और अधिकारी आए दिन भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे रहते हैं। सरकार किस बात का जश्न मना रही है प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है।उधर कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह का कहना है कि भाजपा के नेता झूठ और मिथ्या प्रचार का जश्न मना रहे हैं। सरकार समाज में विभाजन का जहर फैला रही है तथा भाजपा के पास कोई उपलब्धि नहीं है वह सिर्फ हिंदू—मुसलमान की राजनीति करने वाली पार्टी है। उसका जन सरोकारों से कोई वास्ता नहीं है।
March 23, 2025वाशिंगटन । वर्जीनिया में एक डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर गुजराती पिता-पुत्री की हत्या ने अमेरिका में भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। अब गुजरात में पीड़ित परिवार ने खुलासा किया है कि बाप और बेटी को एक अफ्रीकी-अमेरिकी व्यक्ति ने सिर्फ इसलिए गोली मारी थी, क्योंकि उसे शराब चाहिए था और दुकान बंद हो गई थी।प्रदीपभाई पटेल (56) जब 21 मार्च की सुबह करीब 5:30 बजे अपनी बेटी उर्मी के साथ डिपार्टमेंटल स्टोर खोल रहे थे, तभी उस व्यक्ति ने दोनों को गोली मार दी। प्रदीपभाई पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 26 वर्षीय बेटी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रदीप के परिवार ने कहा कि आरोपी की पहचान जॉर्ज फ्रेजियर डेवोन व्हार्टन के रूप में हुई है, जो पूरी रात शराब खरीदने के लिए उनके डिपार्टमेंटल स्टोर के आसपास मंडराता रहा। जब प्रदीप और उर्मी वहां पहुंचे तो उसने उनसे पूछा कि दुकान क्यों बंद है? आरोपी ने इस बात के लिए दोनों पर गुस्सा जताया कि उसे रातभर इंतजार करना पड़ा। गुस्से और आवेश में जॉर्ज ने दोनों पर गोलियां चला दीं। प्रदीप को दो गोलियां लगीं, जबकि एक गोली उर्मी को लगी। घटना के दो घंटे के भीतर अमेरिकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। छह साल पहले प्रदीपभाई और उनकी पत्नी हंसाबेन अपनी सबसे छोटी बेटी उर्मी के साथ विजिटर वीजा पर अमेरिका गए थे। कुछ समय बाद इस गुजराती परिवार ने वर्जीनिया के एकोमैक काउंटी में डिपार्टमेंटल स्टोर खोला।
March 23, 2025राज्य सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ाया आगेयुवाओं के बीच पहुंच मुख्यमंत्री ने लगाए पुश-अप्सदेहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को एथलैक्टिस ग्राउण्ड, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में राज्य सरकार ( सेवा, सुशासन और विकास ) के 03 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर फिट इण्डिया रन का फ्लैग ऑफ किया। खिलाड़ियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने पुश-अप्स लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया एवं उन्हें फिट रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर, उन्हें फिट इंडिया की शपथ भी दिलवाई। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड युवा कल्याण विभाग के सहयोग से चलाए जा रहे ड्रोन कोर्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवाओं को ड्रोन भी वितरित किए। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज राज्य सरकार के 3 वर्ष पूरे हुए हैं। यह 3 वर्ष सेवा, सुशासन, विकास और जनहित को समर्पित रहे। उन्होंने युवाओं को देखकर अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि वो भी बचपन में अधिकांश समय शारीरिक, खेल गतिविधियां में बीतते थे। उन्होंने कहा आज जिन भी खिलाड़ियों ने देश का नाम बढ़ाया है, उनकी यात्रा असाधारण परिस्थितियों में शुरू हुई। उन्होंने युवाओं से जीवन में अपने सपनों के प्रति पक्की इच्छाशक्ति और विकल्प रहित संकल्प रखने का आवाहन किया। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों खासकर युवाओं से रोजाना आधा घंटा व्यायाम करने, पौष्टिक आहार ग्रहण करने एवं नशे से दूर रहने का आवाहन किया है। उन्होंने कहा सभी युवाओं ने मिलकर उत्तराखंड का अभिमान बढ़ाना है। आम नागरिक की फिटनेस ही उत्तराखंड राज्य की ताकत है। उन्होंने कहा हम सबने मिलकर फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना है। उन्होंने सभी से स्वयं को फीट रखने एवं अपने आसपास के लोगों को भी स्वस्थ रहने के लिये प्रेरित करने का आग्रह किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट, स्वस्थ्य और मजबूत भारत के सपने को साकार करने का रास्ता है। फिट इंडिया, स्वस्थ मन और जीवंत आत्मा का भी आधार है। फिट उत्तराखंड से ही समृद्ध उत्तराखंड बनेगा। जहां हर व्यक्ति उन्नति कर राज्य की प्रगति में योगदान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों की स्वस्थ्य जीवनशैली के लिए फिट इंडिया मूवमेंट शुरू किया। यह फिट इंडिया मूवमेंट अब जन आंदोलन बना गया है जो हर घर, गांव और शहर तक पहुंचा है। राज्य सरकार भी इस मिशन में कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा सरकार, राज्य में खेल सुविधाओं को बढ़ा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से ही पूरे देशवासियों को मोटापे, ओबेसिटी, एवं सही खाना पान को लेकर जागरूक किया था। उन्होंने कहा राज्य द्वारा 38 वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी की गई। जिसकी तारीफ प्रधानमंत्री जी ने मन की बात कार्यक्रम में भी की थी। 38 वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 103 पदक प्राप्त कर पदक तालिका में सातवां स्थान हासिल किया। राज्य सरकार द्वारा राज्य के पदक विजेता खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि को दुगना एवं राज्य के सभी पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के अंतर्गत विभिन्न विभागों में सेवायोजित किए जाने का भी निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित एवं खेल उपकरण भी क्रय किए जा रहे हैं। जो राज्य के खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे। उत्तराखंड राज्य के बालक-बालिकाओं को फिट रखने एवं खेलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना, मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना जैसी अनेकों योजनाओं शुरू की गई रहैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को खेल किट देने, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रदेशीय टीमों के खिलाड़ियों को रेल/बस किराया दिये जाने, खिलाड़ियों को खेल में चोटिल/दुर्घटना हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने की सुविधा भी दी जा रही है। इस अवसर पर विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, निदेशक खेल श्री प्रशांत आर्य, संयुक्त निदेशक श्री अजय अग्रवाल, जिला अधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल, एसएसपी श्री अजय सिंह, श्री राजेश ममगाई एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
March 23, 2025देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय, देहरादून में राज्य सरकार ( सेवा, सुशासन और विकास ) के 03 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित साईकिल रैली का फ्लैग ऑफ किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी साइकलिंग कर अन्य लोगों को उत्सवर्धन किया एवं फिट उत्तराखंड फिट इंडिया का संदेश दिया।
March 22, 2025राज्य के आय के संसाधन बढ़ाने के लिए आर्थिक विकास की रूपरेखा तैयार की जाएदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्य में आगामी 10 साल की वित्तीय स्थिति की पूरी योजना तैयार की जाए। इस दीर्घकालिक योजना में आर्थिक और सामाजिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक का उपयोग कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 10 सालों की राज्य के आय के संसाधन बढ़ाने के लिए आर्थिक विकास की रूपरेखा तैयार की जाए। राज्य की आर्थिकी से जुड़े पर्यटन, तीर्थाटन, ऊर्जा,कनेक्टिविटी, उद्योग, कृषि, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, समाजिक कल्याण और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुनियोजित तरीके से कार्य किये जाएं। अनावश्यक खर्चों को नियंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि 2047 तक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सबको अपना योगदान देना होगा। राज्य में 2047 तक की वित्तीय स्थिति के लिए भी विस्तृत योजना बनाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर बजट प्रबंधन के लिए नीति निर्माण में डेटा एनालिटिक्स और रिसर्च का उपयोग किया जाए। योजना बनाने में विशेषज्ञों और आम जन के सुझाव भी लिये जाएं। सरकारी प्रक्रियाओं में सरलीकरण के साथ डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में और तेजी से कार्य किये जाएं। राज्य में राजस्व प्राप्ति के लिए कर राजस्व, गैर कर राजस्व, औद्योगिक निवेश, डिजिटल कर संग्रह और सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ावा दिया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय बजट 2024-25 में लक्ष्य के सापेक्ष 85 प्रतिशत राजस्व प्राप्ति हो चुकी है। जबकि राजस्व व्यय 90.50 प्रतिशत हो चुका है। मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिये कि राज्य में जीएसटी कलक्शन बढ़ाने के लिए और प्रभावी प्रयास किये जाएं। कर चोरी की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया जाए। छापामारी की कार्रवाई निरंतर की जाए। एआई और डेटा एनालिटिक्स के उपयोग पर अधिक ध्यान दिया जाए। जीएसटी फाइल करने के लिए सरल और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य स्थापना के बाद से ट्रेड टैक्स/वैट/जीएसटी कलक्शन में 48 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। कलक्शन 233 करोड़ से बढ़कर 11289 करोड़ हुआ है। राज्य के कर स्रोतों में जीएसटी और वैट की भागीदारी 62 प्रतिशत, एक्साइज की 19 प्रतिशत ट्रांसपोर्ट की 05 प्रतिशत, स्टैंप की 08 प्रतिशत और खनन की 05 प्रतिशत भागीदारी है। राज्य में आईटीसी फ्रॉड के 848 मामलों और 165 फेक फर्मों को चिन्हित किया गया है। राज्य में फेक जीएसटी रजिस्ट्रेशन को चिन्हित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत 51 जीएसटी रजिस्ट्रेशन गैर मौजूद पाये जाने पर उनका पंजीकरण निरस्त किया गया। बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर.मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री दिलीप जावलकर, श्री विनय शंकर पाण्डेय, अपर पुलिस महानिदेशक श्री ए.पी. अंशुमन, राज्य कर आयुक्त डॉ. अहमद इकबाल, उपाध्यक्ष एमडीडीए श्री बंशीधर तिवारी एवं जीएसटी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।