May 15, 2026`अपराधियों और आसामाजिक तत्वों के विरुद्ध जारी रहेगा अभियान’ देहरादून। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ द्वारा पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में गढ़वाल एवं कुमाऊँ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षकों तथा सभी जनपदों, एसटीएफ एवं जीआरपी के वरिष्ठ/पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विगत एक माह से संचालित राज्यव्यापी विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” की विस्तृत समीक्षा की गई।अभियान के तहत पिछले एक माह में 1,400 से अधिक वांछित, फरार और पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गैंगस्टर एक्ट में 40 आरोपियों पर कार्रवाई हुई, जबकि 130 से अधिक लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत निरोधात्मक कदम उठाए गए। राज्यभर में 66 अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।ऊधमसिंहनगर पुलिस ने हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा को भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। जांच में इनके तार आतंकी संगठन “अल बदर” से जुड़े पाए गए। वहीं एसटीएफ ने देहरादून से विक्रांत कश्यप को अवैध पिस्टल और कारतूसों सहित गिरफ्तार किया, जो पाकिस्तानी आतंकी संगठन “अल बरक ब्रिगेड” के संपर्क में था। इसके अलावा पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के साथ रह रहे 3 बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया है।चारधाम यात्रा के दौरान साइबर ठगी रोकने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक ब्लॉक कराए और 50 से ज्यादा संदिग्ध मोबाइल नंबर बंद करवाए। यात्रा रजिस्ट्रेशन, होटल और हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं।उत्तराखंड पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सख्त अभियान चलाया। रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, फर्जी नंबर प्लेट और हूटर के दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 हजार से अधिक वाहनों के चालान किए गए, 900 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया और 2 हजार वाहन सीज किए गए।राज्यभर में होटल, बार, पब, ढाबों और स्पा सेंटरों की व्यापक जांच की गई। 18 हजार से ज्यादा प्रतिष्ठानों की चेकिंग के दौरान नियम तोड़ने वाले 1,200 से अधिक लोगों पर कानूनी कार्रवाई हुई। वहीं किरायेदारों, पीजी, फ्लैट, होटल और आश्रमों में चलाए गए सत्यापन अभियान में 40 हजार से ज्यादा लोगों का सत्यापन किया गया।पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस राज्य के हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। अपराधियों, असामाजिक तत्वों और संगठित अपराध के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी और अधिक सख्ती और प्रभावशीलता के साथ जारी रहेगा।बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक पी एंड एम/कार्मिक श्रीमती विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक, दूरसंचार कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक, साइबर नीलेश आनन्द भरणे, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था सुनील कुमार मीणा, धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।