May 9, 2026देहरादून। सेकंड सैटरडे व वीक एंड पर आज सुबह नौ बजे से पूरा मसूरी शहर जाम के झाम से परेशान रहा। किंगक्रेग से गांधी चौक होते हुए जीरो प्वाइंट तक चार किमी लंबे लगे जाम में वाहन रेंगते हुए चलते रहे।यूं तो पहाड़ों की रानी मसूरी में गर्मियों के सीजन में पर्यटको की भरमार रहती है। जिस कारण स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटको को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि वीकएंड पर यह परेशानी अपना विकराल रूप धारण कर लेती है। शहर में उपलब्ध क्षमता से अधिक वाहन पहुंचने से पुलिस के यातायात प्रबंन्धन के दावे धरे के धरे रह जाते है। ऐसे में यह सवाल उठना भी लाजमी है कि जब वीकएंड पर ही यातायात का यह हाल हो रहा है तो पर्यटन के पीक सीजन में क्या होगा?आज वीक एंड व सेकंड सैटरडे होनेे की वजह से माल रोड पर लाइब्रेरी बैरियर से कार्निवल सिनेमा, मैसानिक बस स्टैंड से पिक्चर पैलेस , अपर मॉल रोड, घंटाघर तक, मल्लिंगार से चार दुकान तक वाहन रेंगते हुए चलते रहे। जिस कारण पर्यटको के साथ ही स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़।शनिवार को छुटृी के कारण मसूरी देहरादून और मसूरी धनोल्टी मार्ग पर यातायात का बहुत दबाव रहा। लाइब्रेरी बाजार में तो पैदल चलना भी दूभर हो गया। यातायात जाम के कारण शनिवार सुबह बच्चे देर से स्कूल पहुंचे और छुटृी होने के बाद भी दो से तीन घंटे लेट घर पहुंचे है। हालांकि प्रशासन का हर समय यही दावा रहता है कि इस समस्या का समाधान जल्द कर लिया जायेगा। लेकिन समाधान कब होगा यह आने वाला समय ही बतायेगा।
May 9, 2026नई दिल्ली । भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किया है। वे पदभार ग्रहण करने की तारीख से लेकर अगले आदेश तक भारत सरकार के सैन्य मामलों के विभाग में सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल अनिल चौहान, 30 मई 2026 को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि 1 सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले, वे 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक थल सेना के उप-प्रमुख और मार्च 2023 से जून 2024 तक मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ थे। एन.एस. राजा सुब्रमणि का वर्दी में शानदार सफर नेशनल डिफेंस एकेडमी से शुरू हुआ और दिसंबर 1985 में उन्हें ‘द गढ़वाल राइफल्स’ में कमीशन मिला।अपने पूरे करियर के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि ने अलग-अलग तरह के ऑपरेशनल और भौगोलिक क्षेत्रों में कमांड, स्टाफ और ट्रेनिंग से जुड़े कई अहम पदों पर काम किया है। रणनीतिक और सामरिक पहलुओं, खासकर पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं से जुड़े मामलों की उनकी गहरी समझ ने ऑपरेशनल तैयारियों और राष्ट्रीय सुरक्षा में अहम योगदान दिया है। राष्ट्र के प्रति उनकी बेहतरीन सेवाओं को देखते हुए, इस जनरल ऑफिसर को परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
May 9, 2026कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान सुवेंदु अधिकारी के साथ 5 मंत्रियों ने शपथ ली। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि ने पांचों मंत्रियों को मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कोलकाता के मशहूर ब्रिगेड परेड मैदान में भारतीय जनता पार्टी के नेता सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। इस दौरान नई सरकार में ब्राह्मण, आदिवासी, महिला और मातुआ सभी जातियों का समावेश है।ब्रिगेड परेड मैदान में खड़गपुर सदर से विधायक दिलीप घोष ने मंत्री पद की शपथ ली। भाजपा नेता आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्रा पॉल ने मंत्री पद की शपथ ली। वह दूसरी बार बीजेपी विधायक बनी हैं। उन्हें बनगांव उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुना गया था। पश्चिम बंगाल में बनगांव उत्तर से विधायक अशोक कीर्तनीय ने मंत्री पद की शपथ ली। वे मतुआ समुदाय से आते है। बंगाल में बीजेपी के आदिवासी चेहरे क्षुदीराम टुडू ने मंत्री पद की शपथ ली। क्षुदीराम टुडू पेशे से सरकारी स्कूल में शिक्षक है। उन्हें रानीबांध सीट से पहली बार विधायक के रूप में चुना गया। निसिथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली। कूचबिहार से पहले सांसद थे और अब वे माथाभांगा सीट से विधायक बने है। उन्होंने टीएमसी से राजनीति की शुरुआत की। उन्होंने 2019 में भारतीय जनता पार्टी को ज्वाइन किया था।रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर ब्रिगेड परेड मैदान शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, समेत तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे।शपथ ग्रहण से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा संसदीय दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में किया था। इसके बाद सुवेंदु अधिकारी ने नियमों के अनुसार लोक भवन पहुंचे थे। यहां उन्होंने राज्यपाल आरएन रवि के सामने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
May 9, 2026स्वच्छता एवं सुगम यात्रा व्यवस्था पर दिया विशेष जोर बाबा केदार के दर्शन कर पुनर्निर्माण कार्यों व व्यवस्थाओं का लिया जायजा रूद्रप्रयाग। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) आज श्री केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा केदार के दिव्य दर्शन कर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया एवं विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि तथा उत्तराखण्ड के सतत विकास की कामना की।राज्यपाल ने अत्यंत अल्प समय में ही बाबा के दर्शन किए, जिससे श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई। उनके आगमन के दौरान एक पल के लिए भी श्रद्धालुओं को दर्शन हेतु नहीं रोका गया तथा पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही। राज्यपाल ने इस व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों की सराहना की। अपने भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने मुख्य रूप से श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके यात्रा अनुभव जाने तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता एवं दर्शन व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया।राज्यपाल ने कहा कि बाबा केदार के दर्शन प्राप्त होना अत्यंत सौभाग्य एवं आध्यात्मिक अनुभूति का विषय है। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम में विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उनके सुझावों एवं समस्याओं को सुनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुचारू, सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने हेतु पूरे वर्षभर सभी विभाग, स्थानीय लोग, प्रशासन, पुलिस, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं सेवा से जुड़े लोग निरंतर मेहनत करते हैं।राज्यपाल ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम सहित समस्त चारधाम क्षेत्र की प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक सुंदरता को बनाए रखने हेतु स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि साधना एवं स्वच्छता दोनों के लिए धैर्य, अनुशासन एवं संवेदनशीलता आवश्यक है। राज्यपाल ने श्री केदारनाथ धाम यात्रा के सफल संचालन हेतु किए जा रहे विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी विभागों एवं संस्थाओं का एक ही उद्देश्य है कि यात्रा शुभ, सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुरक्षित रूप से संचालित हो। इस अवसर पर श्री केदार सभा के महामंत्री राजेंद्र प्रसाद तिवारी, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चन्द्र पोस्ती, विनीत पोस्ती, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, उप जिलाधिकारी/यात्रा मजिस्ट्रेट कृष्णा त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
May 9, 202617 एटीएम कार्ड व घटना मेें प्रयुक्त बाइक बरामद देहरादून। एटीएम फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से 17 एटीएम कार्ड व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है। आरोपी एटीएम बूथों के आसपास रेकी कर बुजुर्गों, महिलाओं व कम पढ़े—लिखे लोगों को निशाना बनाया करते थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि एटीएम ठगी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद को क्षेत्र में एटीएम फ्रॉड से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के अनुपालन में बहादराबाद पुलिस द्वारा अलग—अलग टीमों का गठन कर बैंक एवं एटीएम बूथों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी शुरू की गई। बताया कि बीते रोज पुलिस एटीएम बूथ, बहादराबाद पीपल चौक के पास चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर पुराना पथरी पावर हाउस की ओर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों का पीछा किया। भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसके बाद दोनों युवक झाड़ियों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में चालक युवक ने अपना नाम शिवा उर्फ शिव पुत्र राजेश निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कॉलोनी, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल 200 रूपये की नगदी, एक पर्स तथा विभिन्न बैंकों के कुल 10 एटीएम कार्ड बरामद हुए।वहीं दूसरे युवक ने अपना नाम मधुसूदन उर्फ मनोज पुत्र चरण सिंह निवासी गढ़मीरपुर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार बताया। उसकी तलाशी में एक वन प्लस मोबाइल, 700 रूपये नकद, पर्स तथा 7 एटीएम कार्ड बरामद हुए। बरामद एटीएम कार्डों के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी एटीएम बदलकर ठगी करने के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों में बुजुर्ग, महिला एवं कम पढ़े—लिखे लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे और बाद में दूसरे एटीएम से उनके खातों से पैसे निकालकर ठगी करते थे। आरोपी घटना के समय भी किसी भोले—भाले व्यक्ति को निशाना बनाने की फिराक में एटीएम बूथ के आसपास घूम रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़े गए। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
May 9, 2026डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज कलेक्ट्रेट स्थित नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) कार्यालय के नव—नवीनीकृत परिसर का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी के विशेष प्रयासों से कार्यालय का आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप रिनोवेशन कराया गया है, जिससे कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित, तकनीक—सक्षम एवं प्रभावी बन सकेगी।नवीनीकरण कार्य के अंतर्गत जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित समस्त तकनीकी एवं स्टाफ ऑपरेटरों के लिए बेहतर कार्यस्थल, आधुनिक संसाधन तथा आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। कार्यालय परिसर को तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किए जाने से कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में अधिक सहूलियत मिलेगी और डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि एनआईसी शासन और प्रशासन की डिजिटल व्यवस्थाओं की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। कार्यालय के सुदृढ़ीकरण से ई—गवर्नेंस से जुड़ी गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा विभिन्न विभागों के कार्यों का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के सफल एवं सुचारु संचालन में यह व्यवस्था अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। इस मौके पर एनआईसी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवीन सुविधाओं से कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा कार्य निष्पादन में सरलता और गति आएगी। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने कहा कि शासन की विभिन्न डिजिटल सेवाएं अब अधिक सुगमता, पारदर्शिता और दक्षता के साथ आम जनता तक पहुंच सकेंगी, जिससे इस पहल का प्रत्यक्ष लाभ नागरिकों को मिलेगा।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम सदर कुमकुम जोशी, सचिवालय एनआईसी राज्य इकाई प्रमुख (उप महानिदेशक) अरविंद कुमार दाधीचि, अपर राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी राजीव जोशी, वरिष्ठ निदेशक आईटी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डे, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीप्ति चमोली तथा अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कांत गिरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।