April 19, 2024नागपुर। गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स में दर्ज दुनिया की सबसे छोटी महिला ने आज लोकसभा चुनाव में नागपुर सीट से अपना वोट डालकर मतदान किया। उन्होने मतदाताओं से अपील की है कि वह अपना वोट जरूर डाले क्योंकि यह हमारा कर्तव्य है। महाराष्ट्र में पांच सीटों पर आज मतदान चल रहा है। मतदान सुबह 7 बजे से ही शुरू हो चुका है। इस बीच नागपुर सीट से दुनिया की सबसे छोटी महिला ने अपना वोट डाला है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक ज्योति आम्गे को दुनिया की सबसे छोटी जीवित महिला के रूप में मान्यता प्राप्त है। नागपुर में वोट डालने के बाद ज्योति आम्गे ने कहा कि मैंने आज अपने पूरे परिवार के साथ मतदान किया है। मैं हर मतदाता से अपील करना चाहती हूं कि वोट जरूर डालें क्योंकि यह हमारा कर्तव्य है।बता दें कि ज्योति आम्गे का जन्म 16 दिसंबर 1993 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था। पेशे से वो एक भारतीय अभिनेत्री हैं जिन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार दुनिया की सबसे छोटी जीवित महिला के रूप में जाना जाता है। प्रिमोर्डियल बौनापन नामक आनुवंशिक विकार के कारण वह 62.8 सेंटीमीटर (2 फीट 3/4 इंच) की हैं। 2011 में अपने 18वें जन्मदिन के बाद, ज्योति को आधिकारिक तौर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा दुनिया की सबसे छोटी जीवित महिला घोषित किया गया था। उन्होंने कई डॉक्यूमेंट्री में उपस्थिति दर्ज कराई है. उन्हें 2009 में ट्टबॉडी शॉकः टू फुट टॉल टीन’ नामक डॉक्यूमेंट्री में दिखाया गया था। ज्योति अमेरिकन हॉरर स्टोरी में भी नजर आ चुकी हैं। 2014 में, वह ट्टअमेरिकन हॉरर स्टोरीः फ्रीक शो’ के एक किरदार के रूप में शामिल हुईं थी।
April 18, 2024देहरादून। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग करते हुए कहा कि राज्य में सभी पोलिंग पार्टियां अपने बूथों के लिए रवाना हो चुकी हैं। अभी तक 09 हजार 500 पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थल तक पहुंच चुकी हैं, आज शाम तक सभी पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थल तक पहुंच जायेंगी। राज्य में 19 अप्रैल 2024 को प्रातः 07ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक मतदान होना है। मतदान प्रारंभ होने से पहले सभी पोलिंग पार्टियों द्वारा मॉक पोल की कार्यवाही की जायेगी। सभी पोलिंग पार्टियां मतदान प्रारंभ करने की सूचना उपलब्ध करायेंगी। उसके बाद हर दो घंटे में मतदान की सूचनाएं दी जायेंगी।अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आज परिवहन विभाग के साथ बैठक की गई। परिवहन विभाग यातायात की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करता रहेगा। किसी भी आम नागरिक के लिए यातायात में कोई असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायेंगी। विवाह कार्यों में लगे वाहनों पर भी कोई प्रतिबंध नहीं होगा। सभी राजकीय चिकित्सालय, जिला चिकित्सालय, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को 24 घण्टे संचालित करने के निर्देश दिये गये हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों पेयजल, विद्युत, आपदा प्रबंधन और लोक निर्माण विभाग भी सभी व्यवस्थाएं 24 घण्टे संचालित करते रहेंगे, ताकि मतदाताओं और पोलिंग पार्टियों को किसी भी प्रकार से असुविधा न हो।अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य में 1365 क्रिटिकल पोलिंग बूथ और 809 वलनरेबल पोलिंग बूथ चिन्हित किये गये हैं। इन पोलिंग स्टेशन पर पर्याप्त फोर्स की व्यवस्था रहेगी। मतदान से 48 घण्टे पूर्व सभी फ्लाइंग स्क्वायड और स्टेटिक्स सर्विलांस टीम द्वारा सघन चैकिंग की जाती है। इसके दृष्टिगत राज्य में 293 फ्लाइंग स्क्वायड और 252 स्टेटिक्स सर्विलांस टीम अलर्ट मोड पर रहेंगे। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आचार संहिता प्रभावी होने के बाद से अभी तक 16 करोड़ 41 लाख मूल्य की जब्ती की गई है। पुलिस विभाग द्वारा सबसे अधिक 08 करोड़ 94 लाख मूल्य की, आयकर विभाग द्वारा 06 करोड़ 14 लाख मूल्य की, आबकारी विभाग द्वारा 91 लाख मूल्य की जब्ती की गई है। 05 करोड़ 90 लाख की जब्ती कैश के रूप में, शराब के रूप में 03 करोड़ 06 लाख मूल्य की जब्ती, नारकोटिक्स संबंधित मामलों में 04 करोड़ 03 लाख मूल्य की जब्ती हुई है।
April 18, 2024मुख्यमंत्री ने प्रचार में झोंकी पूरी जान, किये 70 से अधिक कार्यक्रम खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए वर्तमान लोकसभा चुनाव उनके राजनीतिक भविष्य व प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ एक सवाल बन चुका है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री धामी चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले ही जनसंपर्क अभियान में जुट गए थे। कल चुनाव प्रचार के अंतिम चरणों तक वह व्यस्त रहे वहीं आज भी कल होने वाले मतदान से पूर्व बूथ मैनेजमेंट लेवल की वर्चुअली समीक्षा बैठक ली और यह जायजा लिया की बूथों पर व्यवस्था कितनी चुस्त दुरस्त है।सीएम धामी द्वारा इन पांच लोकसभा सीटों के लिए पहले से ही रोड शो करने शुरू कर दिए गए थे जब वह योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में लगे हुए थे। बीते कल तक धामी राज्य के सभी 13 जिलों और 70 विधानसभा सीटों पर लगभग 70 के आसपास ही रोड शो, जनसंपर्क या फिर जनसभाएं कर चुके है। अगर लोकसभा सीटों के हिसाब से देखें तो यह 14 कार्यक्रम औसतन पर सीट बैठता है। उन्होने अपना सबसे ज्यादा समय पौड़ी गढ़वाल सीट को दिया है जहां से अनिल बलूनी भाजपा प्रत्याशी हैं।विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पुष्कर सिंह धामी पर अपना भरोसा जताते हुए उन्हें फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाया था, शायद केंद्रीय नेतृत्व की इसी कृपा का ऋण वह पार्टी के लिए कुछ खास करके चुकाना चाहते हैं। यही कारण है कि उन्होंने इस चुनाव की पूरी कमान खुद संभाल रखी है और वह मतगणना का परिणाम आने तक चुनावी कामों में ही व्यस्त रहेंगे। कल भले ही उत्तराखंड का चुनाव निपट जाए पार्टी के स्टार प्रचारक की सूची में शामिल होने के कारण उन्हें सातवें चरण के मतदान तक फुर्सत नहीं मिलने वाली है देखना होगा कि उनकी मेहनत कितना रंग लाती है। अगर उत्तराखंड में भाजपा सभी पांच सीटें जीतकर हैट्रिक लगाती है तो धामी का राजनीतिक कद केंद्रीय राजनीति में भी बढ़ना तय है।
April 18, 2024उत्तरकाशी। मोरी के सौड़ गांव में लकड़ी के एक आवासीय मकान में बीती रात आग लग गई। आग की लपटे देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है।आवासीय मकान में आग लगने की यह घटना बीती देर शाम की है। जानकारी के अनुसार भागीराम पुत्र पूर्णचंद के लकड़ी से बने मकान की रसोई में अचानक आग लग गई। आग की लपटे और धुआं उठता देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। किसी तरह घर के सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई। भागीराम ने बताया घर में ही गोवंश भी बंधे हुए थे। कड़ी मशक्कत के बाद गोवंश को खोलकर उनकी जान बचाई जा सकी। घटना की सूचना पाकर मोरी से अग्निशमन टीम मौके के लिए रवाना हुई। लेकिन तब तक ग्रामीण आग बुझाने में लगे रहे। घंटो की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण सिलेंडर में रिसाव होना बताया जा रहा है।
April 18, 2024देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. वी.बी.आर.सी.पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सचिवालय में आवश्यक सेवा से जुड़े समस्त विभागों एवं एजेंसियों के साथ बैठक की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में निर्देश दिये कि मतदान के दिन मतदान समाप्ति तक सभी अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की अनिवार्य रूप से उपस्थिति रहे। इसके अतिरित्तQ विघुत एवं पेयजल अपूर्ति से जुड़े संबंधित विभाग सभी मतदान केंद्रों पर व्यवस्था सुनिश्चित करें।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिये हैं कि मतदान पार्टियों के अपने गंतव्यों तक सुरक्षित वापसी होने तक सभी राजमार्गों, सड़कों, संपर्क मार्गों पर लैंड स्लाइड या अन्य किसी भी बाधा के दृष्टिगत अलर्ट मोड पर रखा जाए।बैठक में अपर निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुत्तQ मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रताप शाह, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत समेत विविन्न विभागों एवं केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
April 18, 2024पोलिंग पार्टियों रवाना, सुरक्षा व्यवस्था चाक—चौबंद सुबह 7 बजे से डाले जाएंगे वोट सीमाएं सील, वाहनों की चेकिंग जारी देहरादून। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 102 सीटों के लिए कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है इसमें उत्तराखंड की 5 लोकसभा सीटेें भी शामिल है। जिनके लिए कल मतदान होगा, मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान के मद्देनजर सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है तथा आने जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।उत्तराखंड के सभी जिला मुख्यालयों से आज शाम 4 बजे तक पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है। बीते दो दिनों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी का काम शुरू किया गया। राज्य की पांच लोकसभा सीटों के लिए होने वाले इस चुनाव के लिए कुल 8732 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें 1100 मतदान केंद्र संवेदनशील मतदान केंद्रो के रूप में चिह्नित किए गए हैं। इन सभी पांच सीटों के लिए कुल 63 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र भरा गया जिसमें जांच के दौरान सात नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए तथा नाम वापसी के बाद 50 के आसपास प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में है। उत्तराखंड से पांच लोकसभा प्रत्याशियों के लिए 80 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने प्रतिनिधि का चुनाव करना है।हर बार की तरह इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होना तय है जबकि कुछ सीटों पर बसपा और निर्दलीय उम्मीदवारों ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाया हुआ है। पिछले दो लोकसभा चुनावों में लगातार 5 सीटों को जीतने वाली भाजपा का उत्साह सातवें आसमान पर है लेकिन फिर भी कई सीटों पर मुकाबला होने की उम्मीद है।चुनाव के मद्देनजर नैनीताल और अल्मोड़ा से लगने वाली नेपाल सीमा को 72 घंटे पहले ही सील कर दिया गया है जबकि आज शाम 5 बजे से राज्य की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया। सभी आने—जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है चुनाव के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस अर्ध सैनिक बलों के साथ ही रिजर्व पुलिस फोर्स की तैनाती भी की गई है। मतदान कल सुबह 7 बजे से शुरू होगा लेकिन पोलिंग पार्टियंा इसका ट्रायल सुबह 6 बजे करेगी। जिससे कि मतदान शुरू होने पर किसी तरह की कोई दिक्कत सामने न आए। पुलिस प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों ने राज्य में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई गई है।