January 19, 2026उधमसिंहनगर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पार्षद पुत्र पर देर शाम बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिये गये है।जानकारी के अनुसार बीती शाम किच्छा क्षेत्र के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ के छोटे पुत्र तथा आवास विकास क्षेत्र के पार्षद सौरभ बेहड़ पर दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। घटना आवास विकास चौकी के पास हुई, जहां सौरभ किसी पुराने विवाद से जुड़े मामले को लेकर पंचायत के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सौरभ बेहड़ जैसे ही आवास विकास चौकी के समीप पहुंचे, उसी समय बाइक पर पहुंचे दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी स्कूटी को जोरदार लात मारकर गिरा दिया। सौरभ के सड़क पर गिरते ही हमलावरों ने उन पर बेरहमी से प्रहार शुरू कर दिए। हमले में सौरभ को गंभीर चोटें आईं और वे सड़क पर तड़पते रहे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिसे देखते ही हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। वहीं सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी मोहन पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। थोड़ी ही देर में किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और क्षेत्र के अन्य लोग भी घटनास्थल पर आ गए। घायल सौरभ को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी का कहना है कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। वहीं पुलिस ने घटनास्थल और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि घटना किसी पुराने विवाद से जुड़े तनाव का परिणाम हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल?उधमसिंहनगर। दिनदहाड़े विधायक के पार्षद पुत्र पर हुए हमले से स्थानीय लोगों में रोष और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि हमलावर जल्द पकड़ लिए जाएंगे और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
January 19, 2026नैनीताल/मुरादाबाद। दिल्ली और मेरठ के लिए रवाना हुई परिवहन निगम से जुड़ी तीन अनुबंधित बसें हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। जिससे 16 यात्री चोटिल हो गए। इसके बाद दूसरी बसों की व्यवस्था कर 90 से अधिक सवारियों को उनमें शिफ्ट किया गया। सूचना मिलने पर रुद्रपुर डिपो की टीएस इंदिरा भटृ टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि कोहरे के कारण तीनों बसें भिड़ी थीं।जानकारी के अनुसार हल्द्वानी डिपो की अनुबंधित बस सुबह 6 बजे मेरठ के लिए रवाना हुई थी, गाड़ी में 40 यात्री सवार थे। जबकि काठगोदाम डिपो की बस 25 सवारियों को लेकर स्टेशन से दिल्ली के लिए निकली थी। सुबह 8ः30 बजे मुरादाबाद के पास दलपतपुर पहुंचने पर उत्तर प्रदेश की एक बस हादसे का शिकार हो गई थी। वाहन को सड़क से हटाने के लिए स्थानीय पुलिस ने ट्रैफिक रोका था। लेकिन कोहरे की वजह से हाईवे पर दृश्यता कम थी। इसलिए पीछे से आ रही गाड़ियां एक के बाद एक भिड़ती चली गईं। जिस वजह से मेरठ और दिल्ली जाने वाली बसें भी हादसे का शिकार हो गई। एआरएम हल्द्वानी संजय पांडे ने बताया कि एक यात्री को चोट आई थी। जबकि काठगोदाम एआरएम गणेश पंत ने बताया कि केवल यात्री चोटिल हुआ था। वहीं, तीसरी बस सुबह 9ः30 बजे करीब गजरौला के पास सड़क पर गलत तरीके से खड़े ट्राले के पीछे भिड़ी थी। सूचना मिलने पर चेकिंग में जुटी यातायात अधीक्षक इंदिरा भटृ भी मौके पर पहुंच गई। रुद्रपुर डिपो की यह गाड़ी 27 यात्री लेकर रवाना हुई थी। 15 लोगों को चोट पहुंची है। जबकि सीएनजी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। हादसों के कुछ देर बाद सवारियों को दूसरी बसों से आगे भेजा गया।
January 19, 2026गोपेश्वर। सड़क दुर्घटना में देर रात एक कार के खाई में गिर जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार चमोली के नंदप्रयाग घाट मोटर मार्ग पर सेरा गांव के पास एक कार खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर शव को खाई से बाहर निकाला। मृतक की पहचान सेरा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो नंदानगर से घर लौट रहा था। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि बीती देर रात अल्टो कार चालक नंदानगर से नंदप्रयाग की ओर आ रहा था। नंदप्रयाग घाट मोटर मार्ग पर सेरा गांव के पास चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन समेत खाई में जा गिरा। सूचना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची युवक दम तोड़ चुका था। बहरहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
January 19, 2026टिहरी गढवाल। अलकनन्दा नदी जीवीके डैम झील में अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गयी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।आज उमेश नौडियाल, लाइसनिंग अधिकारी द्वारा थानाा पर सूचना दी कि अलकनन्दा नदी जीवीके डैम झील में एक अज्ञात शव तैरता दिखाई दे रहा हैं। सूचना प्राप्त होने पर उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह बिष्ट चौकी चौरास से मय फोर्स के मौके पर पहुंचे तथा उपरोक्त शव को निकालने हेतु एसडीआरएफ टीम व जल पुलिस टीम श्रीनगर की मदद से शव को झील से बाहर निकाला गया। शव की पहचान हेतु भरसक प्रयास किये गये किन्तु शव की पहचान नहीं हो पायी शव शिनाख्त हेतु नियमानुसार बेस अस्पताल श्रीकोट मोर्चरी में 72 घण्टे हेतु रखा गया है। शव करीब 15—20 दिन पुराना, उम्र 25 से 30 वर्ष, चेहरा गोल, चेहरा व सर पर कोई बाल नहीं है, रंग गोरा, लम्बाई लगभग 5 फुट 7 इंच, सिर के पीछे की तरफ चोट का निशान है जिस पर टाके लगे हुये है, दाहिने उंगलियों की खाल निकली हुयी है तथा दोनों पैरो की खाल निकली हुयी है। कारगो कलर की पैन्ट, आर्मी कलर की सलवार, मैरून कलर का अण्डरवियर, लाल रंग की हॉफ टी—शर्ट जिसमे नेपाल झण्डे का निशान है तथा ग्रीन कलर है, सफेद रंग की अण्डर बनियान, दाहिने हाथ पर सफेद धातु का कडा जिस पर महाकाल लिखा है व लाल रंग का बैंड जिस पर जय केदार लिखा हुआ है, दाहिने हाथ पर कलावा पहना हुआ है तथा शव की पेन्ट की दाहिनी जेब में लिप गार्ड व गोल्डन खैनी का पाउच प्राप्त हुआ।
January 19, 2026उत्तराखण्ड सरकार द्वारा पिछले कई सालों से यही दावे करती आ रही थी कि राज्य को 2025 तक नशा मुक्त राज्य बना दिया जायेगा। राज्य सरकार अपने दावों में कितनी सफल हुई है यह राज्य की आम जनता जानती है। राज्य के तकरीबन सभी जिलों में नशे का कारोबार लगातार जारी है। जिसे समाप्त कराने में शासन—प्रशासन बुरी तरह नाकामयाब रहा है। सोचनीय सवाल यह है कि अपनी लाख कोशिशों के बावजूद शासन—प्रशासन नशे पर लगाम लगाने में कामयाब क्यों नही हो सका। इसका सीधा सा मतलब है कि नशा कारोबारी राज्य के हर जिलों में अपना सिंडीकेड पूरी तरह से खड़ा करने में कामयाब हो चुके है। बीते वर्ष कुमांऊ रेंज में यूपी का एक पुलिसकर्मी भारी मात्रा में स्मैक सहित गिरफ्तार किया गया था। जिसने पूछताछ में बताया था कि बरेली में तैनाती के दौरान उसे पता चला था कि उत्तराखण्ड राज्य में स्मैक की भारी खपत हैं जिसके चलते वह भी नशा तस्करी के सिंडीकेट से जुड़ गया। बात अगर उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून की करें तो यहंा भी तकरीबन हर गली मोहल्लों में नशे का कारोबार पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे किया जा रहा है। इसका उदाहरण कुछ रोज पहले रायपुर क्षेत्र के शांति विहार में सामने आया है। जहंा रायपुर थाने से मात्र कुछ मीटर पहले एक बस्ती में नशे के खुलेआम चल रहे कारोबार को बंद कराने क्षेत्र की जनता पहुंच गयी। जिसके बाद पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी जाग उठे और उन्होने नशा कारोबार में शामिल लोगों के घरों के आगे बने पुलोंं को तुड़वा दिया और नशा कारोबारियों को दोबारा ऐसा न करने की सलाह दी। राजधानी में अकेले उस बस्ती में ही नशे का कारोबार नहीं हो रहा है यहंा तकरीबन हर इलाके में नशा सिंडीकेड सक्रिय है। जो युवाओं को अपनी चपेट में ले चुका है। इसी नशावृति के चलते राजधानी देहरादून में आपराधिक मामले बढ़ने की बात कही जा रही है। जिसे रोकने में पुलिस प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। राज्य व राज्य की राजधानी देहरादून में अगर पुलिस प्रशासन को नशावृत्ति रोकनी है तो उसे इस मामले में गहराई से सोचने की जरूरत है। क्योंकि पुलिस जब किसी छुटभ्ौय्ये नशा तस्कर को दबोचती है तो वह अपनी पीठ थपथपाती है जबकि पुलिस को उस छुटभ्ौय्ये नशा तस्कर दबोच कर उसके द्वारा नशा तस्करी के उस सिडीकेट तक पहुंचने की जरूरत है जिसमें बड़े—बड़े मगरमच्छ छिपे हुए है तभी राज्य को नशामुक्त बनाया जाना संभव हो सकेगा।
January 18, 2026उधमसिंहनगर। लोहड़ी की रात पत्थर से सिर कुचलकर की गयी हत्या को खुलासा करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है। आरोपियों द्वारा शराब के नशे में हुए विवाद के चलते इस घटना को अंंजाम दिया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि बीते 16 जनवरी को थाना रुद्रपुर क्षेत्रान्तर्गत फाजिलपुर मैहरोला, गिल रिसोर्ट, रामपुर रोड, रुद्रपुर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई गई। मृतक की पहचान मलखान सिंह पुत्र स्व. भीम सैन, निवासी वार्ड संख्या 25, प्रीत विहार, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किया जाना प्रकाश में आया। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई गई तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। मृतक की पत्नी कोशल्या देवी पत्नी मलखान सिंह, निवासी रम्पुरा वार्ड संख्या 22, थाना रुद्रपुर, की तहरीर के आधार पर पुलिस नेे मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान अमित कोली उर्फ अमिताभ पुत्र स्व. कुन्दन लाल, निवासी वार्ड संख्या 22, रम्पुरा, थाना रुद्रपुर व वीरपाल पुत्र नानकराम, निवासी वार्ड संख्या 22, रम्पुरा, गुरुद्वारा रोड, रुद्रपुर की संदिग्धता प्रकाश में आई। जिन्हे आज पुलिस ने एक सूचना के बाद प्रीत विहार शनि मंदिर के पास, रम्पुरा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि लोहरी के दिन शराब व नशे के दौरान आपसी विवाद हो गया था। इसी दौरान वीरपाल द्वारा मृतक मलखान सिंह के साथ मारपीट कर डंडे एवं पत्थर से सिर पर वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होकर अपने—अपने घर चले गए थे। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।