Home News Posts उत्तराखंड यात्राओं के जरिए चुनावी शंखनाद

यात्राओं के जरिए चुनावी शंखनाद

0
909

भाजपा की आशीर्वाद यात्राः श्रीनगर को नगर निगम बनाने का ऐलान
श्रीनगर। भाजपा यूं तो बहुत पहले से अपनी चुनावी गतिविधियों को धार देने में जुटी है लेकिन आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी के श्रीनगर से शुरू हुई जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा बिना किसी भेदभाव के सबके लिए विकास के काम कर रही है उन्होंने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों के कल्याण के लिए जो योजनायें शुरू की है तथा प्रदेश सरकार युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए जिन योजनाओं पर काम कर रही है उससे नए रास्ते तैयार हो रहे हैं। 2022 के चुनाव में सूबे की जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद देने जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीनगर को नगर निगम बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे श्रीनगर का तेजी से विकास होगा तथा उनके क्षेत्र का भी विस्तार होगा। उन्होंने इनके अलावा और भी क्षेत्र के विकास के लिए कई अन्य योजनाओं की घोषणा की है। उनका कहना है कि पौड़ी से उनका जो रिश्ता है उसे वह कभी नहीं भूल सकते यह उनकी जन्मस्थली और कर्म स्थली दोनों हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपा द्वारा केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ आज श्रीनगर से किया गया है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, काबीना मंत्री डॉ हरक सिंह रावत, धन सिंह रावत तथा सतपाल महाराज सहित अनेक नेता मौजूद थे।

कांग्रेस ने शुरू की परिवर्तन यात्रा : सत्ता के लिए नहीं, जनता के विकास के लिए यात्रा

खटीमा। उत्तराखंड राज्य के आंदोलन की धरती से आज परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करते हुए कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2022 का शंखनाद कर दिया है।
परिवर्तन यात्रा के लिए शक्ति फार्म पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा सिर्फ प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं है बल्कि इस परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य राज्य की जनता के जीवन में परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता 5 साल से भाजपा का कुशासन झेल रही है। उनकी कथनी और करनी का फर्क अब लोगों की समझ में आ गया है। उत्तराखंड का विकास पूरी तरह से ठप हो चुका है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में राज्य के विकास की जो योजनाएं शुरू की थी उन्हें बंद कर दिया गया है। प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई से जनता त्रस्त है और भाजपा के नेता कह रहे हैं कि महंगाई और बेरोजगारी को मत देखो भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार जो सौगातें बांट रही है उन्हें देखो।
उन्होंने कहा कि भाजपा 3 महीने में तीन—तीन मुख्यमंत्री बदलकर अपनी नाकामी की कहानी खुद सबको बता चुकी है अब युवा चेहरा दिखाकर और युवाओं को रोजगार देने की बात कर उन्हें झांसा दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अपना 2017 का दृष्टि पत्र देखकर बताएं कि उन्होंने प्रदेश के विकास और जनता के लिए कितना काम किया है अब तक साढ़े 4 साल में कितने लोगों को रोजगार दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है तथा यह परिवर्तन यात्रा सत्ता के लिए नहीं जनता के विकास के लिए है। परिवर्तन यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व नेता विपक्ष प्रीतम सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे। यात्रा सितारगंज के शक्ति फार्म से शुरू होकर नानकमत्ता होकर खटीमा तक जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here