चंपावत। बस हादसे में घायल हुए उत्तराखण्ड का एक और जवान शहीद हो गया है। चंपावत निवासी सूबेदार मेजर की जम्मू के श्रीनगर में उपचार के दौरान मौत हो गयी है। बताया जा रहा है कि सूबेदार मेजर द्वारा कुछ दिन पूर्व अपने परिजनों से वीडियोकाल पर बातें की थी। आज सुबह सूचना मिलने पर उनके गांव व परिजनों में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार चंपावत जिले के देवीधुरा पखोटी निवासी सूबेदार मेजर नंदन सिंह चम्याल (50) बीते दिनों पहलगाम में हुए बस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे के दौरान वह अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पर थे। इसके साथ ही उनके और साथी भी घायल हुए थे। बताया जा रहा है कि सूबेदार मेजर चम्याल के दो बेटे और दो बेटी हैं। सभी पढ़ाई कर रहे हैं। अब बस हादसे में घायल हुए सूबेदार मेजर नंदन सिंह चम्याल के निधन की खबर आई है। आज सुबह परिजनों पर खबर सुनते ही दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बता दें कि अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी के बाद चंदनवाड़ी से पहलगाम जाते समय उनकी बस बीती 16 अगस्त को खाई में गिर गई थी। हादसे में 30 जवान जख्मी हो गए थे। इन्हीं घायल जवानों में नंदन सिंह चम्याल भी थे। सिर के अलावा शरीर के कई हिस्सों में उन्हें चोट आई थी। गंभीर रूप से घायल चम्याल का श्रीनगर में इलाज चल रहा था।