Home News Posts जिलाधिकारी ने किया पार्किंग व्यवस्था का औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी ने किया पार्किंग व्यवस्था का औचक निरीक्षण

0
346

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आज पौड़ी नगर के विभिन्न पार्किंग स्थलों का औचक निरीक्षण किया। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा—निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका, जिला विकास प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों को जल्द से जल्द व्यवस्थित कर आम जनता को सुविधा उपलब्ध करायी जाय। जिलाधिकारी ने सबसे पहले छतरीधार पर नगर पालिका की स्थायी पार्किंग का सर्वे कर वाहनों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाने को कहा। इसके बाद अपर चोपड़ा स्थित जिला विकास प्राधिकरण की निर्माणाधीन पार्किंग का जायजा लिया और निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जेल गधेरे में चिन्हित पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया और कहा कि ऐसे स्थलों को चिन्हित कर पार्किंग के रूप में विकसित किए जाने की आवश्यकता है, जिससे स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों को सहूलियत मिल सके। एजेंसी के पास नगर पालिका पार्किंग का मार्ग ब्लॉक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित स्वामियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पार्किंग में फिक्स अलॉटमेंट की व्यवस्था की जाय और पार्किंग स्थल का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए ही किया जाय। जिलाधिकारी ने सत्यखाल—देहलचौरी मार्ग पर निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी तथा संयुक्त मजिस्ट्रेट को इस स्थल को टैक्सी स्टैंड के रूप में विकसित करने के लिए टैक्सी संचालकों के साथ बैठक कर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार शिक्षा विभाग के मंडलीय कार्यालय के पास और जिला अस्पताल परिसर के समीप प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग स्थलों का भी उन्होंने जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर निरीक्षण कर विस्तृत सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान अपर बाजार में नगर पालिका की पार्किंग के स्थल पर अस्थायी टीनशेड डालकर कैफे संचालित होना पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि उक्त स्थान पर पार्किंग बनायी जाय तथा आवश्यकता होने पर पार्किंग स्थल के ऊपर कैफे का संचालन किया जाय। उन्होंने अव्यवस्थित खड़े वाहनों पर समय समय पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए, जिससे राहगीरों को सड़क पर चलने में सहूलियत हो। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गायत्री बिष्ट, जिला विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता रणवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here