Home News Posts उत्तराखंड गुलदार के हमले में किशोर क्रिकेटर की मौत

गुलदार के हमले में किशोर क्रिकेटर की मौत

0
476

टिहरी। देवप्रयाग तहसील क्षेत्र में बीती शाम गुलदार ने क्रिकेट खेलकर लौट रहे एक 17 वर्षीय किशोर अनुराग चौहान पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले में अनुराग की जान चली गई। सूचना मिलने पर किशोर का क्षत—विक्षत शव घटनास्थल से काफी दूरी पर देर रात स्थानीय लोगों तथा वन विभाग ने बरामद किया है।
गुलदार के हमले की इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है। साथ ही पूरे इलाके में खौफ भी पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने इलाके में पिंजरा लगाने की भी मांग प्रशासन से की है। देवप्रयाग के निवर्तमान सभासद रूपेश गुसाईं ने बताया कि देवप्रयाग तहसील में स्टाम्प विक्रेता बलवंत सिंह चौहान का पुत्र देवप्रयाग डिग्री कॉलेज में क्रिकेट खेलने गया था। देर शाम करीब सात बजे अनुराग चौहान डिग्री कॉलेज से खेलकर लौट रहा था, अचानक रास्ते में घात लगाए बैठा गुलदार उसे उठा ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर भी जब गुलदार ने उसे नहीं छोड़ा तो मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग के लोग स्थानीय नागरिकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद गुलदार द्वारा उठा ले गए किशोर की खोजबीन शुरू हुई। कई घंटों तक अनुराग को ढूंढा गया लेकिन किशोर का कुछ पता न चल सका। देर रात करीब साढ़े दस बजे वन विभाग तथा पुलिस की टीम को अनुराग चौहान का क्षत—विक्षत शव बरामद हुआ। किशोर की मां शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। देवप्रयाग क्षेत्र में अचानक हुई इस घटना से लोग सन्न रह गए हैं और दहशत में हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जल्द गुलदार को नरभक्षी घोषित कर मार गिराया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here