सीएम का संकल्पः राज्य बनेगा नंबर वन

0
340

भ्रष्टाचार व नशा मुक्त होगा प्रदेश
भर्तियां पारदर्शी बनाने का वायदा

देहरादून। सूबे के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने जन्म दिवस पर अपनी प्राथमिकताएं दोहराते हुए कहा है कि 2025 तक उत्तराखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाया जाएगा। उनका कहना है कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार और नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया है कि आगामी समय में होने वाली भर्तियां समय पर होंगी और पारदर्शी होंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्म दिवस पर आज राजधानी दून में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनमें मुख्यमंत्री धामी ने शिरकत की। भाजपा उनके जन्मदिवस को संकल्प दिवस के रूप में मना रही है। पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री धामी आज सबसे पहले परिवार सहित टपकेश्वर मंदिर पहुंचे, पूजा अर्चना के बाद उन्होंने कहा कि महादेव से उन्होंने प्रार्थना की है कि वह उनको अपने संकल्पों को पूरा करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कहा था कि अगला दशक उत्तराखंड के विकास का दशक होगा? इसी उद्देश्य को सामने रखकर वह और उनकी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी सरकार लगातार काम कर रही है। 2025 तक प्रदेश को भ्रष्टाचार और नशा मुक्त प्रदेश बनाने का उन्होंने संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र अपनी भर्तियों की परीक्षाओं की तैयारी करें किसी तरह की आशंका अपने मन में न रखें। आने वाले समय में जो भी भर्तियां होंगी वह समय पर होंगी इसकी पूरी व्यवस्था उनकी सरकार द्वारा कर दी गई है तथा भर्तियों में पूरी पारदर्शिता होगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जन भावनाओं के आधार पर काम कर रही है जनता के हित और राज्य के विकास के लिए जो भी जरूरी होगा सरकार वही करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here