हरिद्वार। जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखे एक शव को चूहों ने कुतर दिया। जिससे गुस्साए परिजनों से अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस घटना ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार ज्वालापुर स्थित पंजाबी धर्मशाला के मैनेजर लखन शर्मा उर्फ लकी उम्र 36 वर्ष का बीते रोज शाम के समय ह्दयगति रूकने से देहांत हो गया था। परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। बताया जा रहा है कि आज सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए मोर्चरी पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। शव के चेहरे, सिर और एक आंख पर गहरे घाव के निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने मोर्चरी के बाहर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ उग्र नारेबाजी की। परिजनों का आरोप था कि मोर्चरी की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है, जिससे शव तक सुरक्षित नहीं रह पा रहे। हंगामे के दौरान भी काफी देर तक स्वास्थ्य विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। वे दोषियों पर कार्रवाई, मोर्चरी व्यवस्था की जांच और जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ कार्यवाही मांग पर अड़े रहे।




