Home News Posts उत्तराखंड बंटवारे को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, चली लाठियां और पत्थर

बंटवारे को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, चली लाठियां और पत्थर

0
85

हरिद्वार।पथरी क्षेत्रांतर्गत ग्राम इब्राहिमपुर में पारिवारिक बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों ने जमकर लाठी—डंडे और ईंट—पत्थरों का इस्तेमाल किया। इस घटना में करीब 6 से 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रियासत पुत्र लियाकत और शोकित पुत्र खां मोहम्मद के बीच लंबे समय से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि एक पक्ष ने अपने साथ गांव के अन्य लोगों को बुलाकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। शुरुआत गाली—गलौज और धक्का—मुक्की से हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बेकाबू हो गया और दोनों तरफ से लाठी—डंडों के साथ ईंट—पत्थरों की बारिश शुरू हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष आमने—सामने खड़े होकर पहले लाठी—डंडों से हमला करते हैं, फिर पत्थरबाजी शुरू हो जाती है। मौके पर चीख—पुकार और अफरा—तफरी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी स्थानीय ग्रामीण ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया था। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के करीब 6 से 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना के बाद से इब्राहिमपुर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है और इलाके में नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here