देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सोमवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सुरक्षा, सामाजिक—आर्थिक कल्याण और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारी और पर्यावरण मित्र शहरों एवं समाज को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों को केंद्र व राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी पर्यावरण मित्र को सेप्टिक टैंक या सीवर में मैनुअल तरीके से प्रवेश न करना पड़े। इसके लिए आधुनिक मशीनों और तकनीक का अधिकाधिक इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने मैनहोल को ट्टमशीन होल’ के रूप में विकसित करने तथा सीवर सफाई में रोबोटिक तकनीक सहित आधुनिक संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया।
आयोग अध्यक्ष ने प्रत्येक पर्यावरण मित्र को सुरक्षा मानकों, तकनीकी कार्यप्रणाली और आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण पीपीई किट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने पर्यावरण मित्रों की वेतन व्यवस्था की समीक्षा कर वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजने और न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वेतन व अन्य देयकों का भुगतान समय पर होना चाहिए तथा सफाई उपकरणों और पीपीई किट के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किया जाए।
मकवाना ने सफाई कर्मचारियों को जीवन और स्वास्थ्य बीमा योजनाओं से अधिक से अधिक जोड़ने तथा उनके बच्चों की शिक्षा के लिए आवश्यक सहायता और फंड की व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने छ।ड।ैज्म् योजना से अधिक से अधिक पर्यावरण मित्रों को जोड़ने के निर्देश देते हुए उनके परिवारों को स्वरोजगार और कौशल विकास योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा।
उन्होंने सभी पात्र सफाई कर्मचारियों की स्पष्ट पहचान और विभागीय रिकॉर्ड सुनिश्चित करने के साथ उन्हें आईडी कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में अपर सचिव/निदेशक शहरी विनोद गिरि गोस्वामी, एडीएम केके मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




