आय से अधिक संपत्ति मामले में होगी पूछताछ
न्यायिक हिरासत में है रामविलास यादव
देहरादून। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विजिलेंस के जाल में फंसे आईएएस रामविलास यादव जो 14 दिनों की रिमांड पर जेल भेजे जा चुके हैं अब उनकी पत्नी और बेटी पर भी विजिलेंस का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। विजिलेंस द्वारा उनकी पत्नी और बेटी को पूछताछ के लिए बुलाने के लिए समन भेजे गए हैं।
इस आय से अधिक संपत्ति के मामले में हालांकि पहले ही इस बात की संभावनाएं जताई जा रही थी कि विजिलेंस द्वारा उनकी पत्नी और बेटी को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। क्योंकि विजिलेंस टीम के द्वारा की गई छापेमारी में मिले तमाम दस्तावेजों में कुछ ऐसी संपत्तियों का पता चला था जो रामविलास यादव की पत्नी के नाम थी, वही जो पैसों के लेनदेन की जानकारियां मिली थी उसमें विदेश में रहने वाली उनकी बेटी का नाम भी सामने आया था। यही नहीं रामविलास यादव जब हाई कोर्ट के निर्देश के बाद विजिलेंस के सामने पेश हुए थे तो उन्होंने भी कई मामलों में जानकारी न देते हुए कहा था कि इस मामले में उनकी पत्नी ही कुछ बता सकती है उन्हें ही इन मामलों में ज्यादा जानकारी है। शायद अब उन सवालों का जवाब तलाशने के लिए ही विजिलेंस द्वारा यादव की पत्नी और बेटी को समन भेजकर बुलाया गया है। विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक रामविलास यादव के खिलाफ जो साक्ष्य मिले हैं वह आय से 550 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित करने के हैं। यह परिसंपत्तियों उनके व उनकी पत्नी के अलावा अन्य कुछ लोगों के नाम पर है, उनके सभी बैंक खाते भी सीज किए जा चुके हैं। कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने से मना कर दिया गया था। अब उनकी पत्नी और बेटी विजिलेंस जांच में कितना सहयोग करती हैं, या नहीं करती हैं यह आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन विजिलेंस द्वारा उन्हें समन भेजकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। वह विजिलेंस के सामने पेश होंगे या नहीं अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। यह भी संभावना है कि वह भी अपने पति रामविलास यादव की तरह गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत का रुख कर सकती हैं। लेकिन एक बात साफ है कि रामविलास यादव और उनके परिवार की मुश्किलें समाप्त होने की बजाय और भी बढ़ती जा रही हैं।