Home News Posts उत्तराखंड नाबालिग बरामद, शादी का झांसा देकर ले जाने वाला युवक गिरफ्तार

नाबालिग बरामद, शादी का झांसा देकर ले जाने वाला युवक गिरफ्तार

0
24



हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत पुलिस ने नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए किशोरी को सकुशल बरामद कर विवाह का झांसा देकर किशोरी को अपने साथ ले जाने वाले आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पोक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाली प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि 27 जून को कलियर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को कलियर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का युवक बहला—फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया। टीम ने बेड़पुर, इमलीखेड़ा, पिरान कलियर, रुड़की मार्ग, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने माजरी चौक से आरोपी नितिन उर्फ रामकुमार निवासी ग्राम सोहलपुर कोतवाली कलियर को गिरफ्तार कर लिया तथा नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वह किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में पोक्सो अधिनियम की धाराएं भी जोड़ दीं। बरामद किशोरी को जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उसके संरक्षण में भेज दिया गया। जबकि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here