- पातालगंगा के पास पहाड़ का बड़ा हिस्सा गिरा
- दोनों तरफ वाहनों की लंबी—लंबी कतारें
- मार्ग खुलने में लग सकता है कई दिन का समय
चमोली। बीते कल जोशीमठ से पहले चुंगीधार में हुए भारी भूस्खलन के कारण बंद हुए बदरीनाथ हाईवे को अभी खोलने का काम पूरा भी नहीं हुआ था कि आज पातालगंगा लंगसी टनल के पास पहाड़ का बड़ा हिस्सा भरभरा कर सड़क पर आ गिरा। इस भूस्खलन के मंजर को जिसने भी देखा उसकी रूह कांप उठी। लाखों टन मलवा और बड़े—बड़े बोल्डर बदरीनाथ हाईवे पर आने से बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने वाले हजारों यात्री मार्ग के दोनों और फंसे हुए हैं तथा वाहनों की लंबी—लंबी कतारे लगी हुई है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिस समय आज यह भूस्खलन की घटना हुई उस दौरान सड़क पर आवाजाही बंद होने के कारण किसी तरह के जान माल की क्षति नहीं हुई है। कल हुए भूस्खलन के कारण यात्रियों को पीपल कोटी व गौचर तथा जोशीमठ में रोक दिया गया था अगर आज इस हाइवे पर यातायात संचालन हो रहा होता तो इससे भारी जान माल का नुकसान हो सकता था। बदरीनाथ हाईवे पर फिलहाल आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। जो भी यात्री जहां है वहीं फंसे हुए हैं और जब तक मार्ग से मलवा नहीं हटाया जाता इन्हें बाहर नहीं निकाला जा सकता है।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि बीआरओ व पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी मार्ग से मलवा हटाने में लगे हुए हैं लेकिन जितनी बड़ी मात्रा में मलवा और बोल्डर सड़क पर आए हैं उन्हें साफ करने में कितना समय लगेगा इस बारे में कोई भी बता नहीं पा रहा है। कहा यह भी जा रहा है कि मार्ग को सुचारू होने में कई दिन का समय भी लग सकता है ऐसे में जो यात्री मार्ग में फंसे हुए हैं उनकी सुरक्षा का सवाल भी पैदा हो गया है। वही मौसम विभाग द्वारा अभी बारिश जारी रहने की बात भी कहीं जा रही है। इस बीच अगर कहीं और भूस्खलन की घटना होती है तो यह संकट और भी गंभीर हो सकता है। प्रशासन द्वारा यात्रियों से कहा गया है कि जो जहां भी है जिस हाल में भी है वही रहे।




