मणिपुर : हिंसाग्रस्त इलाके में फंसे पांच छात्रों को हिमाचल सरकार ने किया रेस्क्यू

0
323


इम्फाल। मणिपुर के हिंसाग्रस्त इलाके में फंसे छात्रों को हिमाचल सरकार ने रेस्क्यू कर लिया है। मणिपुर हिंसा के बीच हिमाचल प्रदेश के बच्चों ने रविवार शाम 7 बजे मुख्यमंत्री को फोन कर वहां से रेस्क्यू करने के लिए मदद मांगी। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत पांच बच्चों को इम्फाल ईस्ट से रेस्क्यू करवाया। इनमें एक लड़की भी शामिल है। इनमें से तीन बच्चे एनआईटी जबकि दो नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मणिपुर के विद्यार्थी हैं। रेस्क्यू किए गए बच्चों में से तीन सिमरन, सुजल कौंडल, अश्वनी कुमार मंडी, नवांग छेरिंग कुल्लू और केशव सिंह हमीरपुर जिला का रहने वाला है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद रेस्क्यू मिशन की निगरानी की। बच्चों को मणिपुर से बाहर निकालने में सबसे बड़ी दिक्कत इम्फाल से फ्लाइट न मिलने की थी। क्योंकि सभी फ्लाइट फुल चल रही थी। ऐसे में उनके लिए सीट का इंतजाम करना टेड़ी खीर साबित हो रहा था। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के आदेश पर अधिकारियों ने इंडिगो से विशेष फ्लाइट चलाने का अनुरोध किया जिसे एयरलाइंस ने मान लिया। इंडिगो अधिकारियों का जवाब आया कि सुबह 8.20 बजे इम्फाल से विशेष फ्लाइट उड़ान भरेगी, लेकिन मुश्किल यहां भी खत्म नहीं हुई। फ्लाइट पर सवार होने के लिए बच्चों को सुरक्षित एयरपोर्ट पर पहुंचाना भी किसी चुनौती से कम नहीं था, क्योंकि यह क्षेत्र हिंसाग्रस्त था। इसके बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और सेना से संपर्क कर बच्चों को सुरक्षित एयरपोर्ट पर पहुंचाने के लिए मदद मांगी। सेना ने सुबह तड़के सवा पांच बजे बच्चों को इम्फाल एयरपोर्ट पर पहुंचाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here