Home ताजा ख़बर छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की गाड़ी पर बड़ा नक्सली हमला, 9 जवान शहीद

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की गाड़ी पर बड़ा नक्सली हमला, 9 जवान शहीद

0
547


नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कुटरू क्षेत्र में माओवादियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। 06 जनवरी 2025 को लगभग 14:15 बजे, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर के संयुक्त ऑपरेशन से वापस लौट रही सुरक्षा बलों की गाड़ी को माओवादियों ने IED ब्लास्ट से उड़ा दिया। इस हमले में दंतेवाड़ा DRG के 8 जवान और 1 ड्राइवर की शहादत की खबर है, जिससे कुल 9 जवान शहीद हो गए हैं। यह हमला कुटरू-वेदरी रोड पर अंबेली नाला के पास हुआ है। इस ब्लास्ट में कई जवान गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों को ये जानकारी थी कि कुटरू की दिशा से सुरक्षा बलों की गाड़ी गुजरने वाली है। इससे पहले ही उन्होंने घात लगाकर एंबुश तैयार कर लिया। जैसे ही गाड़ी पास पहुंची, नक्सलियों ने जोरदार आईईडी विस्फोट किया, जिससे पुलिस की पिकअप गाड़ी 20 फीट ऊंची उछल गई। विस्फोट के बाद घात लगाए बैठे नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग भी शुरू कर दी। इस हमले में 8 जवान और गाड़ी का ड्राइवर शहीद हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बस्तर आईजी सुंदरराज बीजापुर के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, रायपुर से डीजीपी अशोक जुनेजा भी एक अहम मीटिंग छोड़कर हेलीकॉप्टर से बस्तर के लिए निकल रहे हैं।
घटना स्थल से जवानों के शव लाने के लिए आसपास के जिलों से फोर्स की बैकअप पार्टी भेजी गई है। इस बीच, छत्तीसगढ़ के नक्सल चीफ विवेकानंद सिन्हा के मुताबिक बीजापुर के कुटरू इलाके में डीआरजी दंतेवाड़ा के जवान ऑपरेशन से लौट रहे थे, तभी नक्सलियों ने बारुदी सुरंग विस्फोट किया। उन्होंने जवानों की हताहत होने की पुष्टि करते हुए कहा कि वे इस बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले, शनिवार रात को अबूझमाड़ के जंगल में मुठभेड़ के दौरान एक DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए थे। इस मुठभेड़ में जवानों ने एक महिला नक्सली समेत 4 माओवादियों को मार गिराया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here