Home ताजा ख़बर महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर नरहरि झिरवल मंत्रालय की तीसरी मंजिल से कूदे

महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर नरहरि झिरवल मंत्रालय की तीसरी मंजिल से कूदे

0
843


मुंबई । महाराष्ट्र विधानसभा के डिप्टी स्पीकर नरहरी झिरवल ने शुक्रवार को मंत्रालय की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हालांकि, नीचे जाल रहने के कारण उनकी जान बच गई। उनके बाद कुछ और आदिवासी विधायक भी नीचे कूद गए। सुरक्षा जाली रहने के चलते सभी विधायकों की जान बाल-बाल बच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला। ऊंचाई से गिरने के कारण झिरवल का ब्लड प्रेशर बढ़ गया है। झिरवल उपमुख्यमंत्री अजीत पवार गुट के विधायक हैं।
बताया जा रहा है कि वे एकनाथ शिंदे सरकार की तरफ से धनगर समाज को एसटी का दर्जा दिए जाने के फैसले के खिलाफ हैं। वे अपनी ही सरकार के फैसले का विरोध कर रहे हैं। नरहरी झिरवल धनगर समुदाय द्वारा आदिवासी समुदाय के आरक्षण में घुसपैठ को रोकने के लिए एक मजबूत रुख अपना रहे हैं। धनगर समाज को आदिवासी कोटे में आरक्षण ना मिले और पेसा कानून के तहत नौकरी भर्ती की मांग को लेकर विधायक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
अपनी ही पार्टी के गठबंधन वाली महाराष्ट्र सरकार के फैसले का विरोध करते हुए नरहरी झिरवल ने यह अनोखा कदम उठा लिया। धनगर समुदाय द्वारा आदिवासी समुदाय के आरक्षण में कथित घुसपैठ को रोकने के लिए उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले सरकार का ध्यान खींचने के लिए अजीब तरीका आजमाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here