लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बंगाली टोला क्षेत्र में पाले गये कुत्ते द्वारा मालकिन पर हमला किये जाने की घटना के बाद मालकिन की दर्दनाक मौत हो गयी है। पाला गया यह कुत्ता पिटबुल नस्ल का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार बंगाली टोला में रहने वाली सुशीला त्रिपाठी (80) ने पिटबुल और लैबराडोर प्रजाति के दो कुत्ते घर में पाल रखे थे। सुशीला दोनों कुत्तों को खाना देती और उनके साथ खेलती थीं। दोनों कुत्ते महिला के बेटे अमित त्रिपाठी के कमरे में रहते थे। मंगलवार को कुत्ता खुला रह गया। अमित ने सुबह पांच बजे देखा कि पिटबुल नस्ल का कुत्ता उनकी मां को नोच रहा है। पिटबुल ने उसकी मां के पेट और चेहरे पर बुरी तरह काटा था। आनन—फानन में वो अपनी मां को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया लेकिन ट्रामा सेंटर में महिला द्वारा दम तोड़ दिया गया।
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सकों ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। बुजुर्ग महिला की हालत काफी गंभीर थी। कुत्ते के काटने से बुजुर्ग के शरीर में गहरे घाव हो गए थे। खून काफी बह गया था। बुजुर्ग को बचाने की कोशिश की गई। वेंटिलेटर पर भी रखा गया। कुछ ही समय बाद महिला का निधन हो गया।