- गांव—देहात में भोले भाले लोगों के बीच कैम्प लगाकर कराते थे रक्तदान
- रक्त इकट्ठा कर अन्य राज्यों में ऊँचे दामों पर बेचते थे
- 27 यूनिट रक्त, ब्लड कलेक्शन उपकरण एवं 2 वाहन बरामद
हरिद्वार। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वाले पांच शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से 27 यूनिट ब्लड, ब्लड कलेक्शन उपकरण व दो वाहन बरामद किये गये है। आरोपी गांव—देहात क्षेत्र में कैम्प लगाकर भोले भाले लोगों से रक्तदान कराकर उसे अन्य राज्यों में बेच दिया करते थे।
जानकारी के अनुसार बीती शाम कोतवाली लक्सर पुलिस को सूचना मिली कि कुछ व्यक्तियों द्वारा संगठित रूप से गांव—देहात के क्षेत्रों में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्रित किया जा रहा है तथा एकत्रित रक्त को कथित रूप से ब्लड बैंक ना ले जाकर अन्य राज्यों में अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए चौकी सुल्तानपुर पुलिस टीम द्वारा अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की गई। जिसमें स्विफ्ट कार की डिग्गी से एक आइस बॉक्स के अंदर 27 यूनिट रक्त एवं 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। इसके अतिरिक्त ब्लड यूनिट की जांच/माप एवं रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण भी बरामद किए गए। वहीं स्कॉर्पियो कार की तलाशी में 4 डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चौरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली 4 बेल्ट बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पांच आरोपियों द्वारा गांव—देहात में बिना आवश्यक अनुमति/लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा था। पुलिस द्वारा मामले में विस्तृत जांच की जा रही है। इस संबंध में कोतवाली लक्सर पर सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार लोगों के नाम अनित सैनी, पुत्र राजेश कुमार, निवासी फतवा, थाना लक्सर, हरिद्वार, शुभम कुमार, पुत्र जीतराम, निवासी ग्राम माड़ा बेला, पोस्ट चन्दपुरी कला, थाना खानपुर, हरिद्वार, दुष्यन्त कुमार, पुत्र मदनलाल सैनी, निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी, आवास विकास, थाना कोतवाली सदर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, कावेन्द्र कुमार, पुत्र विजयपाल सिंह, निवासी निकट सद्भावना अस्पताल, हरतला, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश व दया सिंह, पुत्र ओमकार सिंह, निवासी ग्राम ईसमपुर ढाणा, थाना गीनौर, जनपद सम्भल, उत्तर प्रदेश बताये जा रहे है।




