उधमसिंहनगर। बंद घर का ताला तोड़ लाखों के जेवरात व हजारों की नगदी चोरी मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से चुराये गये जेवरात व नगदी बरामद की गयी है। आरोपी शातिर किस्म के चोर है जो पूर्व में भी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके है।
जानकारी के अनुसार बीती 30 जून को अमित छावड़ा पुत्र चीमन लाल छावड़ा निवासी विजय लक्ष्मी इन्कलेव निकट गंगापुर रोड द्वारा थाना ट्रांजिट कैम्प में तहरीर देकर बताया गया था कि अज्ञात चोरों द्वारा 29/30 जून की रात उनके घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व नगदी चोरी कर ली गयी है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी। चोरो की तलाश में जुटी पुलिस टीम को पता चला कि आरोपियों ने उक्त मकान की रैकी कर रात में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिनके बारे में पता करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त घटना सुभाष दिवाकर, संदीप कुमार व उज्ज्वल सिंह परगई द्वारा अंजाम दी गयी है तथा उनके द्वारा चोरी किया गया माल मो. अजीम को बेचा गया है। जिस पर पुलिस ने उन्हे बीती शाम एक सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से चोरी का माल भी बरामद हुआ है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके द्वारा उसी रात बगवाड़ा मण्डी के सामने भी चोरी की घटना की थी जिसमें उनके द्वारा उक्त घर से मंगलसूत्र, नथ व अन्य सामान चोरी किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर किस्म के चोर है जो पहले भी कई थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके है।





