Home ताजा ख़बर स्कूल वैन पर फायरिंग, मचा हड़कंप

स्कूल वैन पर फायरिंग, मचा हड़कंप

0
561

अमरोहा। अज्ञात बदमाशों ने आज सुबह एक स्कूल वैन पर फायरिंग कर दी। जिससे स्कूली बच्चे दहशत में आ गये। हालांकि चालक द्वारा समझदारी दिखाते हुए स्पीड से वैन को मौके से भगा लिया गया और स्कूल पहुंचाया। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं मीडिया रिपोर्टस के अनुसार चालक से रंजिश के चलते बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
मामला जिला अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार आज सुबह एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल की वैन बच्चों को लेकर आ रही थी। वैन में नर्सरी से लेकर कक्षा चार तक के छोटे बच्चे सवार थे। इसी दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने वैन को निशाना बनाते हुए दो राउंड फायरिंग की और उसके बाद पथराव भी कर दिया। गोलियों की आवाज से बच्चे सहम गए और रोने—बिलखने लगे। बच्चों की हालत देखकर ड्राइवर ने समझदारी से वैन को तुरंत स्पीड में भगाया और तेजी से स्कूल की ओर बढ़ा दिया। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ड्राइवर ने बिना रुके वैन को स्कूल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि वैन के स्कूल पहुंचने पर बच्चों के रोने और चीखने की आवाज से स्कूल में अफरा—तफरी मच गई। प्रिसिंपल और टीचर्स ने ड्राइवर से घटना के बारे में जानकारी ली तो उसने बताया कि वैन पर बदमाशों ने फायरिंग और पथराव किया था। यह सुनते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत बच्चों के परिजनों को सूचित किया। कुछ ही देर में बच्चों के परिजन स्कूल पहुंच गए और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। इस दौरान पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। वहीं मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल वैन ड्राइवर ने पुलिस को दिये बयान में बताया कि वह हर रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था कि 3 बाइक सवार बदमाशों ने बाइक अड़ाकर वैन रोकी। उन्होंने पहला फायर किया तो उसने बस दौड़ा ली। बस में 28 स्कूली बच्चे थे। उसने बच्चों को सीटों के नीचे घुसने को कहा। उसने बिना ब्रेक लगाए बस दौड़ा दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बस ड्राइवर मॉन्टी पर हमला हुआ था। गत 21 अक्टूबर को आरोपी युवकों के साथ एक एक्सीडेंट के चलते उसका विवाद हो गया था। इसी रंजिश में हमला हुआ और बच्चों की जान खतरे में पड़ी। वहीं मामले में अधिकारियों का कहना है कि वैन पर फायरिंग का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इस पर जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here