नैनीताल। जिले में प्रभागीय वनाधिकारी यानी डीएफओ कार्यालय में आज सुबह अचानक आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से कार्यालय में रखी कई फाइलें और दस्तावेज जलकर स्वाहा हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुधवार रात क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई थी। उस समय कार्यालय बंद करते वक्त बिजली आपूर्ति नहीं थी। आशंका है कि सुबह बिजली आने के बाद किसी स्थान पर शॉर्ट सर्किट हुआ और कागज या लकड़ी ने आग पकड़ ली। आग की चपेट में आने से कार्यालय में रखे दस्तावेज और फाइलें जल गईं। हालांकि, डीएफओ कार्यालय के भवन को ज्यादा नुकसान नहीं होने की जानकारी है। घटनास्थल के पास ही उप निदेशक प्राणी उघान और उप प्रभागीय वनाधिकारी का कार्यालय भी स्थित है। आग की चपेट में मुख्य रूप से फाइलों और दस्तावेजों से जुड़ा हिस्सा आया है। कार्यालय के अन्य हिस्सों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिस कार्यालय में आग लगी, वहां मुख्य रूप से अकाउंट, लैंड ट्रांसफर और स्टैब्लिशमेंट से संबंधित फाइलें रखी हुई थीं। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसकी पूरी जानकारी फाइलों की जांच के बाद ही सामने आएगी।





