- हरियाणा की सभी 90 सीटों पर एक चरण में चुनाव
- जम्मू कश्मीर की 90 सीटों पर तीन चरणों में चुनाव
- दोनों राज्यों में मतगणना 4 अक्टूबर को होगी
नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार की अध्यक्षता में आज हुई पत्रकार वार्ता के दौरान जम्मू और कश्मीर तथा हरियाणा विधानसभा चुनाव के कार्यक्रमों की घोषणा कर दी गई। जम्मू कश्मीर में सुरक्षा कारणों से तीन चरणों में तथा हरियाणा में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा लेकिन दोनों ही राज्यों में मतगणना की एक ही तारीख तय की गई है। जिसके अनुसार 4 अक्टूबर को मतगणना होगी और संभवतया इसी दिन चुनाव परिणाम भी आ जाएंगे लेकिन चुनावी प्रक्रिया के पूर्ण होने की तारीख 6 अक्टूबर तय की गई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि लोकसभा चुनाव की सफलता से वह उत्साहित है और इससे आगे की प्रक्रिया को बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने जम्मू कश्मीर के बारे में कहा कि पहले यहां 87 सीट थी लेकिन 5 अगस्त 2018 को धारा 370 हटाए जाने के बाद यहां बदली स्थितियों में अब कश्मीर में 47 और जम्मू में 43 यानी कुल 90 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त को मतदाताओं की फाइनल सूची सभी को उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 87.09 लाख के आसपास होगी जिसके लिए 11 हजार 830 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे जिनमें 360 मॉडल पोलिंग बूथ होंगे।
उन्होंने बताया कि वही हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया 5 सितंबर को शुरू होगी और 1 अक्टूबर को राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होगा तथा मतगणना के लिए दोनों ही राज्यों के लिए 4 अक्टूबर का दिन तय किया गया है हरियाणा की 90 में से 70 सीटें अनारक्षित हैं। हरियाणा में कुल मतदाता संख्या 2 करोड़ 10 लाख के ऊपर है जिनके लिए 20, 829 पोलिंग बूथ बनाए जाने की बात कही गई है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव की दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ आगे बढ़ने की बात कही है।




