Home News Posts उत्तराखंड गुलदार के हमले में बुजुर्ग की मौत

गुलदार के हमले में बुजुर्ग की मौत

0
18
  • आक्रोशित ग्रामीण बैठे धरने पर, शव नहीं उठाने दिया

    पौड़ी। गुलदार के हमले में बीती शाम एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को घटना की सूचना दी। वहीं बीती शाम से स्थानीय ग्रामीण मौके पर मौजूद है साथ ही आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा शव को वन विभाग के हवाले नहीं किया गया है।
    जानकारी के अनुसार बीती शाम जिला मुख्यालय के करीब बसे कमंद गांव में गुलदार ने एक बुजुर्ग को निवाला बना लिया। जिससे क्षेत्र में दशहत का माहौल है। गांव के पास खेत में बकरियों के लिए चारा पत्ती लेने गए बुजुर्ग पर गुलदार ने शाम करीब 7 बजे हमला किया और घसीटते हुए दूर ले गया। देर रात छानबीन के बाद बुजुर्ग का शव बरामद किया गया। इस घटना के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि बीती शाम मोहन चंद्रम मलासी घर के पास बकरियों के लिए चारापत्ती लेने गए थे। इसी दौरान करीब 7 बजे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और घसीटते हुए दूर ले गया। बुजुर्ग जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो स्वजनों व ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। देर रात तक छानबीन करने पर शव क्षत विक्षत पाया गया। सूचना के बाद क्षेत्र के ग्रामीण एकजुट हो गए हैं। प्रशासन व वन विभाग की टीम को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। आज भी स्थानीय लोगों ने शव को नहीं उठाने दिया और वनविभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि विभाग लीसा निकलवाने और नाच गाने में व्यस्त है और लोग जानवरों का शिकार बन रहे हैं। ग्राम प्रधान थली साधना देवी ने बताया कि गांव में लगातार गुलदार की धमक देखने को मिलती है।
    बता दें कि उत्तराखण्ड राज्य में वन्य जीव व मानव संघर्ष थमने का नाम नही ले रहा है। पिछले कई माह से पौड़ी जनपद के कई क्षेत्रों में गुलदार का आंतक जारी है। हालांकि वन विभाग द्वारा वन्य जीवों के आंतक के खात्मे को लेकर उनके प्रभावित क्षेत्रों में शिकारी तैनात कर दिये गये है लेकिन उन शिकारियों द्वारा भी कई गुलदारों को मौत के घाट उतार देने के बावजूद भी यह आंतक समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। इस कारण स्थानीय लोगों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश व्याप्त हो चुका है। जिसका ताजा प्रमाण आज कमंद गांव में सामने आया है जहंा बीती रात से गुलदार का शिकार हुए व्यक्ति का शव मौके पर पड़ा है लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को वह शव उठाने नहीं दिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here