Home उत्तराखंड देहरादून एक शिक्षा, एक अवसर

एक शिक्षा, एक अवसर

0
29


उत्तराखण्ड सरकार ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा और साहसिक कदम उठाते हुए मदरसा बोर्ड को समाप्त कर एक समान और आधुनिक शिक्षा माडल विकसित करने की पहल को सरकार शिक्षा सुधार का नया अध्याय बता रही है। यह निर्णय केवल एक प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि शिक्षा के स्वरूप, उसके उद्देश्य और समाज की भावी दिशा से जुड़ा विषय है। शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का आधार होती है। उसका मूल उद्देश्य केवल साक्षरता बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसे नागरिक तैयार करना है, जो आधुनिक ज्ञान, वैज्ञानिक सोच, संवैधानिक मूल्यों और रोजगारपरक कौशल से लैस हों। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भी बहुविषयक, कौशल आधारित और आधुनिक शिक्षा पर जोर देती है। ऐसे में यदि मदरसों के विद्यार्थियों को विज्ञान, गणित, कंप्यूटर, अंग्रेजी और व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने की पहल की जाती है, तो इसे सकारात्मक दृष्टि से देखा जाना चाहिए। भारत की विविधता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। धार्मिक और सांस्कृतिक संस्थाओं की अपनी ऐतिहासिक और सामाजिक भूमिका रही है। इसलिए किसी भी परिवर्तन को लागू करते समय यह सुनिश्चित करना होगा कि सुधार के नाम पर किसी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान या धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर अनावश्यक आशंकाएं पैदा न हों। सरकार को संवाद, विश्वास और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ना होगा। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या नया शिक्षा माडल केवल संरचनात्मक बदलाव तक सीमित रहेगा या वास्तव में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार ला पाएगा? उत्तराखण्ड के सामने आज भी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, दुर्गम क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव, घटती छात्र संख्या और पलायन जैसी गंभीर चुनौतियां मौजूद हैं। यह भी आवश्यक है कि नया माडल बच्चों को केवल परीक्षा और नौकरी तक सीमित न करे, बल्कि उन्हें संवेदनशील, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में भी तैयार करे। उत्तराखण्ड शिक्षा सुधार के एक नए मोड़ पर खड़ा है। यदि यह पहल समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ती है, तो यह वास्तव में एक नई शुरुआत साबित हो सकती है। लेकिन यदि इसे राजनीतिक बहस और वैचारिक टकराव तक सीमित कर दिया गया, तो इसका मूल उद्देश्य पीछे छूट जाएगा। प्रदेश को ऐसी शिक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है, जिसमें किसी बच्चे की पहचान उसके धर्म, क्षेत्र या सामाजिक पृष्ठभूमि से नहीं, बल्कि उसकी प्रतिभा और संभावनाओं से तय हो। शिक्षा का वास्तविक अर्थ भी यही हैकृहर बच्चे को आगे बढ़ने का समान अवसर देना और उसे भविष्य के लिए सक्षम बनाना। उत्तराखण्ड के इस नए शिक्षा प्रयोग की सफलता इसी बात पर निर्भर करेगी कि वह एकरूपता नहीं, बल्कि समान अवसर का माडल बन पाता है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here