- प्रेम प्रसंग के चलते भाई ने बहन व उसके प्रेमी को मारी थी गोली
हरिद्वार। दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहे हत्यारे को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बहन के प्रेम प्रसंग के चलते भाई ने बहन व उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तभी से हत्यारोपी भाई पुलिस गिरफ्त से दूर था। पुलिस मुड़भेड़ के दौरान गोली लगने से घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से तमंचा कारतूस व बाइक बरामद की गयी है।
बता दें कि बीती 26.सितंबर को ग्राम झबरेड़ी कलां में आरोपी अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम झबरेड़ी कलां, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार द्वारा अपनी बहन के प्रेम प्रसंग के चलते सूरज उर्फ मुन्ना पुत्र अशोक, उम्र करीब 18 वर्ष एवं अपनी बहन रुपा पुत्री रामकुमार को तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में मृतक सूरज के पिता अशोक पुत्र चत्तर सिंह, निवासी ग्राम झबरेड़ी कलां, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी भाई की तलाश शुरू कर दी गयी। हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस टीम को बीती रात सूचना मिली कि आरोपी अमन उर्फ भरोसी अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा नहर पुल पिकेट पर संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर तेज गति से आता दिखाई दिया।
पुलिस टीम द्वारा उसे रुकने का इशारा किया गया तो उक्त व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया और ग्राम बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी गई, लेकिन आरोपी ने पुनः पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी अमन उर्फ भरोसी घायल हो गया। घायल की पहचान दोहरे हत्याकांड के फरार आरोपी के रूप में हुई। आरोपी को उपचार हेतु राजकीय अस्पताल हरिद्वार ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपनी बहन एवं सूरज के बीच प्रेम प्रसंग के कारण समाज में बदनामी होने की बात को लेकर दोनों की हत्या करना बताया गया है। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में कोतवाली झबरेड़ा पर आरोपी अमन उर्फ भरोसी के सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसके पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई है।




