हरिद्वार। धनौरी क्षेत्र में बावनदर्रा पुल के बीचोंबीच एक विशालकाय मगरमच्छ के सड़क पर आ जाने से राहगीरों में हड़कंप मच गया। सड़क पर मगरमच्छ को देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। इस दौरान किसी राहगीर ने मगरमच्छ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पिरान कलियर में दरगाह साबिर पाक का सालाना उर्स चल रहा है। उर्स में शामिल होने के लिए देश के कोने—कोने से जायरीन दिन—रात पिरान कलियर पहुंच रहे हैं। ऐसे में व्यस्त मार्ग पर विशालकाय मगरमच्छ के आ जाने से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मेहवड़ और धनौरी के बीच पुरानी गंगनहर से कई बार मगरमच्छ बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच जाते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रात के समय सड़क पर मगरमच्छ दिखाई न देने से हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। उर्स के चलते इस मार्ग पर जायरीनों और वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ी हुई है। ऐसे में लोगों ने वन विभाग से सड़क और आबादी के आसपास दिखाई देने वाले मगरमच्छों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर गंगनहर से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उर्स के दौरान किसी जायरीन के साथ गंभीर हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और मगरमच्छों की आवाजाही वाले संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।




