पौड़ी। कोटद्वार—दुगड्डा मार्ग पर आज सुबह एक ठेकेदार ने लाइसेंसी पिस्टल लहरा दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ठेकेदार को हिरासत में लेते हुए पिस्टल को जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह कोटद्वार—दुगड्डा मार्ग पर पोकलैंड चालक और मालिक का एक बस चालक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि यह विवाद इतना बढ़ा कि पोकलैंड चालक ने पोकलैंड मशीन को ही सड़क के बीचोबीच खड़ा कर दिया। जिससे दोनो ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गयी। जब वाहन चालकों ने इसका विरोध किया तो बचाव में पोकलैंड मालिक ने हवा में पिस्टल लहरा दी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ठेकेदार को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार ठेकेदार नशे की हालत में था जिसका मेडिकल कराया जा रहा है।



