भारत जोड़ो यात्रा के जम्मू-कश्मीर पहुंचने से पहले कांग्रेस प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा

0
183


जम्मू। भारत जोड़ो यात्रा के जम्मू-कश्मीर पहुंचने से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की प्रवक्ता दीपिका पुष्कर नाथ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा है कि जम्मू कश्मीर कांग्रेस की ओर से भाजपा के पूर्व नेता और मंत्री चौधरी लाल सिंह को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की अनुमति दी गई है, जिसके बाद से दीपिका नाराज थीं। ट्विटर पर दीपिका पुष्कर नाथ ने कहा कि वह वैचारिक आधार पर पार्टी छोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि 2018 में कठुआ में आठ साल की लड़की से बलात्कार मामले में आरोपियों को बचाने वालों में चौधरी लाल सिंह शामिल थे। उन्होंने कहा कि चौधरी लाल सिंह के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की अनुमति के बाद मेरे पास इस्तीफा देने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है।
दीपिका पुष्कर नाथ ने ट्वीट किया, “लाल सिंह ने बलात्कारियों को बचाने के लिए जम्मू-कश्मीर के पूरे क्षेत्र को बांट दिया था और भारत जोड़ो यात्रा बिलकुल इसके विपरीत है। यात्रा का उद्देश्य देश को जोड़ना है। वैचारिक आधार में मैं ऐसे किसी भी व्यक्ति के साथ कोई मंच शेयर नहीं कर सकती। बता दें कि 2018 में कठुआ मामले के दौरान जम्मू-कश्मीर में भाजपा और पीडीपी गठबंधन वाली सरकार थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सरकार में वन मंत्री रहे चौधरी लाल सिंह को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया था। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी जहां फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला संजय राउत, एमवाई तारिगामी, महबूबा मुफ्ती विभिन्न स्थानों पर यात्रा में शामिल होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here