24 मई को होंगे दलबल सहित भाजपा में शामिल
देहरादून। विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी का सीएम चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल अब अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। संभावना है कि वह 24 मई को भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल जिनके चेहरे पर आम आदमी पार्टी 2022 के चुनाव में उतरी थी और उन्हें अपने मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया गया था, वह गंगोत्री सीट से खुद तो चुनाव हार ही गए थे साथ ही आम आदमी पार्टी सूबे में अपना खाता भी नहीं खोल सकी थी। इस हार के बाद पार्टी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया था तभी से उनके आप का साथ छोड़ने के कयास लगाए जा रहे थे। कर्नल कोठियाल आप की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कर्नल कोठियाल आगामी एक—दो दिन में भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी के रूप में एक बड़ा चेहरा माने जाने वाले कर्नल कोठियाल चंपावत उप चुनाव से पूर्व भाजपा का दामन थामने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि 24 मई को वह अपने समर्थकों के साथ प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि 2022 के चुनाव के पूर्व भी वह भाजपा में आना चाहते थे तथा पौड़ी सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन टिकट मिलने की अनिश्चितता के कारण वह भाजपा में नहीं जा सके थे और आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। लेकिन चुनाव में मिली असफलता के कारण आम आदमी पार्टी ने उन्हें हाशिए पर धकेल दिया। अपनी उपेक्षा से आहत कर्नल कोठियाल अब फिर भाजपा का दामन थामने जा रहे हैं।