उधमसिंहनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नानकमत्ता, उधम सिंह नगर, स्थित गुरुनानक अकाडमी में वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर उन्होंने शहीद ऊधम सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण कर गुरुनानक अकाडमी परिसर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब का शुभारंभ व छात्रों को सम्मानित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेक प्रदेश में सुख समृद्धि व शांति की कामना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि शहीद ऊधम सिंह महान क्रांतिकारी थे, जिन्होंने जलियांवाला कांड के दोषी जनरल डायर को इंग्लैंड जाकर सभा के सामने मौत के घाट उतारा था। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमारे जनपद का नाम शहीद ऊधम सिंह जी के नाम पर पड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु गोविंद सिंह और उनके चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह की महान शहादत को नमन करते हुए कहा कि गुरु साहेब के चारों साहिबजादों का बलिदान भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व इतिहास का अनोखा अध्याय है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु गोविंद सिंह के चारों शहजादों की शहादत को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है। यह दिवस नई पीढ़ी को साहिबजादों के साहस, शौर्य और पराक्रम से अवगत कराता है एवं उनके बलिदान को अमर रखेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद छात्र छात्राओं से उन्होंने कहा कि समय बहुमूल्य है। इस समय को हम सभी ने अपने सपनों को साकार करने में लगाना चाहिए। जीवन में संकल्प लेकर आगे बढ़ने पर सारी समस्याओं का समाधान स्वयं हो जाता है। इस दौरान विधायक शिव अरोरा, डॉ.मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक डॉ.प्रेम सिंह राणा, उपाध्यक्ष किसान आयोग राजपाल सिंह, बाबा तरसेम सिंह, विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, संतोष अग्रवाल, अमित नारंग, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीडीओ विशाल मिश्रा एवं अन्य लोग मौजूद रहे।