देहरादून। एक दिन पहले ही जिला प्रशासन व पुलिस ने शहर के छह चौराहों को धरना, जुलूस व शोभायात्राओं के लिए प्रतिबंधित किया था लेकिन अगले ही दिन पुलिस प्रशासन के द्वारा दशहरा मेले की शोभायात्रा के लिए जिन चौराहों को दर्शाया गया वह वही प्रतिबन्धित चौराहे दर्शाये गये हैं। जिससे साफ हो गया है कि अपने ही आदेशों की खुद प्रशासन ही धज्जियां उडा रहा है।
उल्लेखनीय है कि गत दिवस जिला व पुलिस प्रशासन के द्वारा शहर के घंटाघर चौक, गांधी पार्क, एस्लेहाल चौक, दर्शनलाल चौक, तहसील चौक व बुद्धा चौक को रैली, जुलूस व शोभायात्रा के लिए प्रतिबंधित किया गया था और साफ आदेश किये गये कि इन चौराहों से कोई भी जुलूस, रैली व शोभायात्रा नहीं निकाली जायेगी। लेकिन यह क्या अगले ही दिन पुलिस प्रशासन के द्वारा दशहरा पर्व की शोभायात्रा के लिए जो रूट प्लान तैयार किया गया है उसमें घंटाघर चौक व एस्लेहाल चौक भी शामिल हैं। एक दिन पहले जिन चौराहों को जिला व पुलिस प्रशासन के द्वारा जुलूस शोभायात्राओं से मुक्त रखने के आदेश दिये थे अगले ही दिन अपने ही आदेशों की धज्जियां उडाते हुए उक्त प्रतिबंधित चौराहों से ही शोभायात्रा का प्लान तैयार किया गया।



