देहरादून। सड़क दुर्घटना में आज सुबह एक तेज रफ्तार कार के आगे चल रहे एक सीमेंट के ट्राले से टकरा जाने से पांच लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सभी घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया जहंा चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया वहीं एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है,जिसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 3.10 बजे एक मारुति रिट्ज कार सफेद रंग, जो सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रही थी, उक्त कार के आगे ट्रोला चल रहा था जिसमें सीमेंट भरा था,आशारोड़ी के पास कार सवार खुद पीछे से उसके आगे चल रहे सीमेंट के ट्राले से टकरा गए जिसमे कार सवार पांच व्यक्ति घायल हो गए। जिन्हें पुलिस द्वारा 108 के माध्यम से उपचार हेतु कोरोनेशन/दून अस्पताल भिजवाया गया है, जहां डॉक्टरों द्वारा उनमें से 4 व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया जबकि एक घायल व्यक्ति का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस द्वारा मृतक तथा घायल के परिजनों को सूचित किया गया है, जिनके आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस ने ट्रोला को कब्जे में लेकर उसके चालक आफताब पुत्र जुल्फिकार निवासी शेखपुरा कदीम थाना देहात कोतवाली सहारनपुर जिला सहारनपुर से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। मृतकों के नाम अंकुश पुत्र अजीत निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत, हरियाणा, पारस पुत्र जयकरण निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत, हरियाणा, अंकित पुत्र राजेश निवासी मेरिडा तहसील जुलाना, जिला जींद, हरियाणा व नवीन पुत्र नरेश निवासी खेड़ी, तहसील रोहतक, हरियाणा बताये जा रहे है। जबकि घायल व्यक्ति की पहचान विनय पुत्र विजय निवासी पुरखास धीरन जिला सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है।




