आरोपी गिरफ्तार, वाहन सीज
देहरादून। राजधानी दून में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बार मामला पुलिसकर्मियों की जान लेने के प्रयास तक ही पहुंच गया। सुबह तड़के जब आरोपी की कार चैकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिसकर्मियों पर ही कार चढ़ा दी। जिससे तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये। जिन्हे अस्पताल पहुंचाया गया, जहंा उनकी हालत गम्भीर देखने पर उन्हे हायर सेन्टर रैफर करना पड़ा। हालांकि इस दौरान आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके वाहन को सीज कर दिया है।
मामला डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के अंर्तगत आराघर तिराहे का है। जानकारी के अनुसार त्यौहारी सीजन के चलते आज सुबह पुलिस ने क्षेत्र में चैकिंग अभियान चलाया हुआ था। इस दौरान पुलिस ने आराघर तिराहे पर सुबह करीब 3 बजकर 45 मिनट पर जब एक थार चालक को रोकने का प्रयास किया तो उसने थार की स्पीड बढ़ा दी और तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया। जिसके बाद वहां मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने तीनों को एक नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन थार क्षतिग्रस्त हो गई थी और स्टार्ट होने में टाइम लगाने लगी। इतनी देर में वहां मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और गाड़ी कब्जे में ले ली। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर 1 ईसी रोड, थाना डालनवाला बताया।
सूचना मिलने पर एसएसपी अजय सिंह ने अस्पताल जाकर पुलिसकर्मियों के बारे में जानकारी ली। उन्होने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला या उन्हें जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने रात भर अभियान चलाकर आरोपी को दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था या नहीं, इसकी जांच मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि ऐसे लापरवाह चालकों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून की अवहेलना करने की जुर्रत न कर सके।




