Home News Posts उत्तराखंड ट्रक और पुलिस बस की जबरदस्त भिड़ंतः बस पलटी, ट्रक क्षतिग्रस्त

ट्रक और पुलिस बस की जबरदस्त भिड़ंतः बस पलटी, ट्रक क्षतिग्रस्त

0
55

देहरादून। मोहब्बेवाला हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज सुबह करीब 8 बजे एक बार फिर ट्रक और पुलिस बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस बस पलट गई, जबकि बेकाबू ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीच जा पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा—तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।


मोहब्बेवाला हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जिस सड़क पर पुलिस की बस तक हादसे का शिकार हो रही है, वहां आम वाहन चालकों की सुरक्षा कितनी सुनिश्चित है? स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस क्षेत्र को दुर्घटना संभावित क्षेत्र के तौर पर देखा जाता रहा है। सड़क की तकनीकी बनावट, यातायात का दबाव, डिवाइडर और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े सवाल लगातार उठते रहे हैं। मोहब्बेवाला में लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं के बाद जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के उपाय करने के निर्देश दिए जाने की बात कही जाती रही है। जिलाधिकारी और स्थानीय विधायक द्वारा भी पूर्व में मौके का निरीक्षण किया गया था। लेकिन आज की ताजा दुर्घटना ने सवाल खड़ा कर दिया है कि निरीक्षण और निर्देशों के बाद धरातल पर कितने प्रभावी सुरक्षा इंतजाम किए गए?

हादसे में चार जवानों सहित सात घायल

देहरादून। मोहब्बेवाला क्षेत्र में आज सुबह हुए हादसे में पुलिस के चार जवानों सहित सात लोग घायल हो गये है। जिन्हे अस्पताल पहुंचाया गया। जिनका उपचार जारी है।
हादसा आज सुबह हुआ। जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदा 12 टायरी ट्रक सहारनपुर की ओर से आ रहा था। आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही आईआरबी की बस को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद बस सड़क पर पलट गई। ट्रक की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई। हादसे के समय आईआरबी फर्स्ट बटालियन की बस में जवानों समेत सात से आठ लोग सवार थे। इनमें हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, चालक हेड कांस्टेबल हेमपाल सिंह, कांस्टेबल अदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप राठौर और कांस्टेबल सुनील कुमार भी शामिल हैं। सभी जवान आईआरबी फर्स्ट बटालियन, बेलपड़ाव, रामनगर के बताए गए हैं। टक्कर के बाद मौके पर अफरा—तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हादसे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here