Home News Posts उत्तराखंड स्पा सेंटर में तोड़फोड़ और महिलाओं से मारपीट मामले में बजरंग दल...

स्पा सेंटर में तोड़फोड़ और महिलाओं से मारपीट मामले में बजरंग दल कार्यकर्ताओं सहित नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज

0
25

हरिद्वार। सिडकुल स्थित पेंटागन मॉल के एक स्पा सेंटर में घुसकर तोड़फोड़ करने और वहां मौजूद महिलाओं के साथ कथित मारपीट एवं छेड़खानी करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। स्पा सेंटर संचालक की शिकायत पर पुलिस ने बजरंग दल से जुड़े बताए जा रहे नौ लोगों के खिलाफ मारपीट, छेड़खानी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला पेंटागन मॉल स्थित स्पा सेंटर का है, जहां कुछ लोग अचानक पहुंचे और सेंटर में घुसकर हंगामा करने लगे। आरोप है कि इस दौरान स्पा सेंटर में तोड़फोड़ की गई और वहां मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट तथा अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा—तफरी का माहौल बन गया।
स्पा सेंटर संचालक की ओर से सिडकुल थाने में दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपक तालियांन, भूपेंद्र सैनी, कुलदीप विश्नोई, संजय प्रिंस, शिवम, करण, रवि, अनूप पाल सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में आरोपियों पर मारपीट और महिलाओं के साथ छेड़खानी करने के आरोप लगाए गए हैं। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों के स्पा सेंटर में पहुंचने और वहां हंगामा किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका की भी पुष्टि की जा रही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद सिडकुल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ—साथ घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों और स्पा सेंटर में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here