समयबद्धता और समूह में काम करना सिखाता है खेलः धामी

0
368

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल हमारे जीवन में उस सतरंगी इन्द्रधनुष के समान है, जो बारिश के बाद काले बादलों के बीच निकलकर रंग—बिरंगी दुनिया का संदेश देता है। खेल समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन, समूह में कार्य करना और लगन सिखाते हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को परेड ग्राउण्ड देहरादून स्थित बहुद्देशीय खेल सभागार में राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। यह प्रतियोगित 7 से 14 दिसम्बर तक चलेगी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि टीम भावना से खेलना आत्मविश्वास के स्तर का निर्माण करना और सुधार करना सिखाता है। यदि हम खेल का नियमित अभ्यास करें, तो हम अधिक सक्रिय और स्वस्थ रह सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार ओलंपिक और पैरालंपिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। ओलंपिक के बाद हर परिवार में खेल की चर्चा शुरू हुई है, इसे रुकने नहीं देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के माध्यम से जहां खिलाड़ियों को अपना जज्बा दिखाने का मौका मिलता है। वहीं वे दूसरे राज्यों की संस्कृति से भी रूबरू होते हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश में खेलों व खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए खेल नीति—2021 को लागू किया है। उत्तराखंड खेल नीति 2021 में खेल, खिलाड़ियों के उन्नयन, खेल प्रतिभाओं को तलाशने, निखारने व उभारने, खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, खिलाड़ियों के नियोजन, सामान्य आहार के साथ—साथ एक्स्ट्रा न्यूट्रिएंट्स फूड डाइट की व्यवस्था, खिलाड़ियों के लिए रोजगार के अवसर तथा सम्बंधित पूर्ण सुविधाएं प्रदान करने का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल विश्वविघालय बनाने के लिए भी कृतसंकल्प है। स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर को अंतराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स विश्वविघालय बनाने हेतु प्रयास किये जा रहे हैं। ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली वंदना कटारिया को राज्य में ट्टबेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रांड एम्बेसडर’ बनाकर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा युवा कल्याण एवं प्रान्तीय विकास दल के युवक मंगल दल और महिला मंगल दलों को स्वावलम्बन हेतु 6 माह लिए 20 हजार समूहों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
खेल मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधा दी गई है। अब धन के अभाव में किसी भी खिलाड़ी को किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस अवसर पर विधायक भरत चौधरी, खेल निदेशक जीएस रावत, उत्तराखण्ड टेबल, टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरूंग, सेक्रेटरी प्रिंस विपिन, अशोक वासु एवं एबी लाल आदि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here