Home News Posts उत्तराखंड डंपर की टक्कर से बाइक सवार मामा—भांजे की मौत

डंपर की टक्कर से बाइक सवार मामा—भांजे की मौत

0
34

रुद्रपुर। सितारगंज हाईवे पर बगवाड़ा मंडी के सामने तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार मामा—भांजे की मौत हो गई। हादसे में भांजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मामा की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सहजनी निवासी 22 वर्षीय रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान शुक्रवार रात अपने 46 वर्षीय मामा अक्षय लाल चौहान को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। अक्षय लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के ग्राम जुआफर के निवासी थे। उन्हें बाघ एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर लौटना था।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख—पुकार मच गई। रोहित के पिता राधेश्याम चौहान के मुताबिक, उनका बेटा सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और चार भाई—बहनों में सबसे बड़ा था। वहीं, अक्षय लाल पांच अक्टूबर को रुद्रपुर आए थे और शुक्रवार रात ट्रेन से अपने घर लौटने वाले थे। परिवार को क्या पता था कि रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
हादसे की सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की ओर से शिकायत दिए जाने की बात कही गई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के अनुसार, दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। हादसे में शामिल डंपर और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सितारगंज हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही से जुड़े सड़क सुरक्षा के सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here