Home News Posts उत्तराखंड ‘रफ्तार’ के पीछे अपराध का ‘नेटवर्क’

‘रफ्तार’ के पीछे अपराध का ‘नेटवर्क’

0
27
  • ऑनलाइन डिलीवरी की आड़ में नशे की तस्करी, चोरी, रेकी और नियमों की अनदेखी के मामले आए सामने
  • क्राइम, कारोबार और सरकारी निगरानी के बीच उलझता आनलाइन डिलीवरी का पूरा का पूरा तंत्र

देहरादून। घर बैठे खाना मंगाना हो, किराने का सामान चाहिए हो या मोबाइल पर क्लिक करते ही रोजमर्रा की जरूरत की कोई वस्तु दरवाजे तक पहुंचानी हो, आनलाइन डिलीवरी सेवाओं ने जिंदगी को बेहद आसान बना दिया है। जेमेटो, स्विगी, ब्लिंकिट, जेप्टो और बिगबास्केट जैसी कंपनियों का कारोबार तेजी से फैल रहा है। देहरादून में भी इन कंपनियों की सेवाएं शहर के बड़े हिस्से तक पहुंच चुकी हैं। सुविधा की इस चमकदार दुनिया के पीछे एक ऐसा सवाल भी खड़ा हो रहा है, जिसे नजरअंदाज करना अब मुश्किल है। आखिर इन कंपनियों के नाम पर घरों, गलियों, कालोनियों और प्रतिष्ठानों तक पहुंचने वाले लोगों की पहचान, पृष्ठभूमि और गतिविधियों की निगरानी कौन कर रहा है? जिस डिलीवरी नेटवर्क पर लोग आंख मूंदकर भरोसा कर रहे हैं, क्या उसकी हर कड़ी उतनी ही सुरक्षित है?
आनलाइन डिलीवरी का कारोबार केवल सामान पहुंचाने तक सीमित नहीं रह गया है। इसके साथ एक बड़ा अनौपचारिक कार्यबल, तेज रफ्तार में चलने वाला परिवहन तंत्र और शहर के लगभग हर हिस्से तक पहुंच बनाने वाला नेटवर्क भी खड़ा हो गया है। यही नेटवर्क कुछ आपराधिक तत्वों के लिए भी इस्तेमाल हो सकता है। देहरादून में सामने आए मामले इस आशंका को महज कल्पना नहीं रहने देते। देहरादून में 2022 में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया था, जिसमें आनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े दो युवक नशे की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उत्तर प्रदेश से स्मैक लाकर देहरादून में इसकी आपूर्ति करते थे। डिलीवरी एजेंट होने का फायदा उठाकर वह पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश करते थे। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में नशे की कमाई से वाहन और जमीन खरीदने की बात भी सामने आई थी। यह मामला इसलिए गंभीर था क्योंकि अपराधियों ने आम लोगों के भरोसे से जुड़े एक पेशे को अपनी गतिविधियों की आड़ बनाया था।
मामला यहीं नहीं रुका। दिसंबर 2025 में देहरादून पुलिस ने रायवाला क्षेत्र में नशीले पदार्थों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो डिलीवरी एजेंट बताए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से 31.94 ग्राम स्मैक और 158 ग्राम चरस बरामद हुई थी। इसी कार्रवाई से जुड़े एक अन्य मामले में एक डिलीवरी एजेंट पर दुकान से सामान चोरी करने का आरोप भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक, वह सामान की डिलीवरी करते समय दुकानों और घरों की रेकी करता था। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि डिलीवरी नेटवर्क का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों के लिए भी किया जा सकता है। हालांकि, इन घटनाओं के आधार पर पूरे डिलीवरी कार्यबल को संदेह के दायरे में रखना भी उचित नहीं होगा।
जुलाई 2023 में देहरादून पुलिस को शिकायतें मिली थीं कि कुछ डिलीवरी एजेंट और कलेक्शन एजेंट अपने काम की आड़ में घरों और प्रतिष्ठानों की रेकी कर रहे हैं। पुलिस को आशंका थी कि इस तरह जुटाई गई जानकारी का इस्तेमाल चोरी, लूट और नकबजनी जैसी वारदातों में किया जा सकता है। इसके बाद तत्कालीन एसएसपी के निर्देश पर क्लेमेंटटाउन और राजपुर थाना पुलिस ने डिलीवरी कंपनियों के टीम लीडरों और करीब 40 डिलीवरी एजेंटों के साथ बैठक की थी। सत्यापन की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी। यह घटना एक अहम सवाल खड़ा करती है। डिलीवरी एजेंट को घर का पता, पहुंचने का रास्ता, परिवार की दिनचर्या और कई बार घर में मौजूद लोगों की जानकारी तक मिल जाती है। यदि इस जानकारी का गलत इस्तेमाल हो तो उपभोक्ता की निजता और सुरक्षा दोनों खतरे में पड़ सकती हैं।
आनलाइन कंपनियों के बीच कुछ ही मिनटों में सामान पहुंचाने की प्रतिस्पर्धा ने डिलीवरी व्यवस्था को भी दबाव में ला दिया है। समय पर सामान पहुंचाने की होड़ में तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और दस्तावेजों की कमी जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। जनवरी 2026 में देहरादून संभाग के परिवहन विभाग ने ब्लिंकिट, जेमेटो और स्विगी से जुड़े डिलीवरी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की थी। अभियान के दौरान 41 वाहनों के चालान किए गए और आठ वाहनों को सीज किया गया। परिवहन अधिकारियों के अनुसार, कुछ वाहन बिना वैध दस्तावेजों के चल रहे थे। कुछ चालकों के पास लाइसेंस नहीं था और कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। इससे पहले दिसंबर 2024 में परिवहन विभाग ने क्विक कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर डिलीवरी कर्मचारियों पर तेज गति से सामान पहुंचाने का दबाव नहीं डालने की हिदायत दी थी। उस समय देहरादून में इन सेवाओं से जुड़े करीब दो हजार डिलीवरी कर्मचारियों के काम करने की जानकारी सामने आई थी। यानी कारोबार की तेजी का असर केवल उपभोक्ता तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध सड़क सुरक्षा और शहर की कानून व्यवस्था से भी है।
फरवरी 2026 में उत्तराखंड पुलिस ने किरायेदारों, घरेलू सहायकों, सुरक्षा कर्मचारियों और होम डिलीवरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर व्यापक अभियान के निर्देश दिए थे। पुलिस महानिदेशक ने ई-कामर्स और आनलाइन सेवाओं से जुड़े डिलीवरी एजेंटों की पहचान और पृष्ठभूमि की जांच को भी प्राथमिकता में रखा था। यह पहल बताती है कि पुलिस भी इस नेटवर्क से जुड़े सत्यापन के महत्व को समझ रही है। लेकिन सवाल यह है कि कंपनियों के पास काम करने वाले हर व्यक्ति का अद्यतन रिकॉर्ड कितना व्यवस्थित है? कोई कर्मचारी नौकरी छोड़ देता है, किसी दूसरे नाम से काम शुरू कर देता है या किसी अन्य व्यक्ति की पहचान पर डिलीवरी करने लगता है तो उसकी जांच कौन करता है? कंपनियां अपने प्लेटफार्म पर उपभोक्ता का मोबाइल नंबर, पता और भुगतान संबंधी जानकारी जुटाती हैं। लेकिन उपभोक्ता को डिलीवरी करने वाले व्यक्ति की पृष्ठभूमि के बारे में कितनी जानकारी उपलब्ध होती है? डिलीवरी के दौरान किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर कंपनी की जवाबदेही क्या है? इन सवालों पर स्पष्ट व्यवस्था और प्रभावी निगरानी की जरूरत है।
आखिर सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि दस मिनट में सामान घर पहुंच रहा है या नहीं। सवाल यह भी है कि उस सामान के साथ घर के दरवाजे तक कौन पहुंच रहा है, उसकी पृष्ठभूमि क्या है और उसके इरादों की जांच करने की जिम्मेदारी किसकी है? सुविधा की यह दौड़ कहीं देहरादून की सुरक्षा के लिए नई चुनौती न बन जाए, इसके लिए अब जवाबदेही तय करना जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here