Home News Posts उत्तराखंड पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश को लगी गोली, दूसरा फरार

पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश को लगी गोली, दूसरा फरार

0
25

हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान नरेश उर्फ भिंडे निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। उसका साथी दिनेश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में देर रात तक कांबिंग करती रही।
जानकारी के अनुसार बीती सुबह खड़खड़ी क्षेत्र में बसंत भवन के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने निजी स्कूल की प्रिंसिपल हर्ष के गले से चेन झपट ली थी। वारदात के बाद दोनों बदमाश फरार हो गए थे। घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थी। इसके बाद नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी थीं। रात में पुलिस टीम पुराना औघोगिक क्षेत्र में दरगाह के पास संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बाइक चोरी की वारदातों में भी शामिल रहे हैं। आरोपियों ने ज्वालापुर और शहर कोतवाली क्षेत्र से बाइक चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। इसके अलावा चेन झपटमारी की कई अन्य घटनाओं में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसपी सिटी दीपक सिंह और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी मौके पर पहुंचे। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जंगल और आसपास के इलाकों में कांबिंग कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here