हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) अधिकारी बताने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, संबंधित दस्तावेज, नीली बत्ती, ‘भारत सरकार’ का बोर्ड और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद की है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में बाहरी व संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर को हल्द्वानी क्षेत्र में पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। तिकोनिया चौराहे पर काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार (यूपी25 सीएस 9327) को पुलिस ने रोका। कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था।
पूछताछ में चालक ने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए आईडी कार्ड दिखाया। उसने अपना नाम मो. मोहासिब खान (24) पुत्र मो. अयूब खान, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। पद और नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
आईडी कार्ड और दस्तावेजों पर संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन अपने पास रखता था। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया वह फर्जी आईडी और दस्तावेजों के जरिए खुद को आईबी अधिकारी/जवान प्रदर्शित कर रहा था।
पुलिस ने थाना हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।




