- चुराये गये जेवरात व अन्य सामान बरामद
चमोली। बंद घर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से चुराये गये जेवरात व अन्य सामान बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार बीती 20 अगस्त को सत्यपाल सिंह चौधरी पुत्र जयेंद्र सिंह, निवासी वार्ड नंबर—6, निकट केशवास स्कूल, गौचर, थाना कर्णप्रयाग, जनपद चमोली द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया कि वह अपना उपचार कराने देहरादून गए हुए थे। वापस गौचर स्थित अपने घर पहुंचने पर देखा कि अज्ञात चोर द्वारा घर का ताला तोड़कर उनके नाती के 2 जोड़ी चांदी के कंगन, 2 जोड़ी चांदी की पायल, एक सूटकेस एवं एक जैकेट चोरी कर लिया गया है। बताया कि चोर द्वारा घर की अलमारियों को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया था। मामले मे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी गयी। चोर की तलाश में जुटी पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला गया। जांच के दौरान दिनांक 14—15 अगस्त की रात्रि लगभग 11 बजे से 4 बजे के मध्य एक संदिग्ध व्यक्ति ग्रिफ चौक से पीड़ित के घर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने संदिग्ध की फोटो एवं वीडियो फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी गयी। पुलिस टीम के अथक प्रयासों के फलस्वरूप आज सुबह लगभग 7.30 बजे गौचर—रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग पर सरस्वती विघा मंदिर के आगे स्थित प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम उमेद सिंह भंडारी पुत्र स्वर्गीय दलबीर सिंह भंडारी निवासी ग्राम कंडारा, थाना कर्णप्रयाग, जनपद चमोली बताया। जिसके कब्जे से चोरी किया गया 2 जोड़ी चांदी के कंगन, 2 जोड़ी चांदी की पायल, एक सूटकेस एवं एक जैकेट बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने गौचर स्थित उक्त घर में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जांच में यह भी प्रकाश में आया कि गिरफ्तार आरोपी चोरी की घटनाओं का अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ जनपद पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग एवं चमोली के विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य धाराओं में कई मुकदमें दर्ज है।




