देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश से एक जूनियर इंजीनियर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर टेंडर कार्य के भुगतान के बदले अवैध धन उगाही करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी विभागों में टेंडर का काम करता है और उसने पशुलोक बैराज, ऋषिकेश में एक कार्य का टेंडर लिया था। आरोप है कि संबंधित कार्य के भुगतान को जारी करने के बदले यूजेवीएनए लि. में तैनात जूनियर इंजीनियर फैसल खान लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर देहरादून स्थित थाना सतर्कता अधिष्ठान में मुकदमा दर्ज किया गया।
विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी फैसल खान को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रैप टीम काफी समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, टीम ने मौके पर ही दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।




